अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। नगर के पुराने और प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान महावीर जैन स्कूल में एक अध्यापिका तथा प्रबंधन कमेटी के सदस्य के बीच हुए घटनाक्रम को लेकर यहां के पूर्व विद्यार्थी काफी आहत हैं। इन्होंने स्कूल परिसर में हुए घटनाक्रम को शर्मनाक बताया है। स्कूल के पूर्व विद्यार्थी एवं उद्योगपति ज्वैल सिंगला ने इस घटनाक्रम को लेकर तुरंत पुरातन विद्यार्थियों की आपात बैठक बुलाई, जिसमें रोमस डेविन, राम स्वरूप गुलाटी, विनय बतरा, अशोक अरोड़ा, राजीव शर्मा, राजेश बंसल, विनोद कुमार, अविनाश, राजेश मिगलानी इत्यादि पहुंचे।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे ज्वैल सिंगला ने कहा कि उन्हें आजतक गर्व है कि वे जैन स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर समाज में प्रतिष्ठित स्थान पर पहुंचें हैं। उन्हें गर्व होता है कि यहां से शिक्षा प्राप्त कर उनके कई साथी जर्मनी, आस्ट्रेलिया, अमेरिका जैसे देशों में अंतर्राष्ट्रीय व्यवसायी, केंद्र व राज्य सरकार में उच्च अधिकारी, वैज्ञानिक, हाईकोर्ट में एडवोकेट, उद्योगपति, व्यवसायी व चार्टर एकाउंटेंट हैं। सिंगला ने कहाकि यहां से शिक्षा प्राप्त पूर्व विद्यार्थी तो अपने बच्चों को यहां से मिले संस्कारों और अध्यापक अध्यापिकाओं की प्रेरणा के तो उदाहरण देते हैं, लेकिन स्कूल परिसर में छेड़छाड़ का प्रकरण सुनकर तो उनके मन को ठेस पहुंची है।
स्कूल की पूर्व विद्यार्थी एवं दिल्ली हाईकोर्ट की एडवोकेट रोमस डेविन ने कहा कि यह मामला उच्च स्तरीय जांच का विषय है। इस मामले में जो भी दोषी है उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम के मीडिया में चर्चा का विषय बनने के बाद विदेशों और देश के अन्य शहरों मुंबई, चेन्नई, अमृतसर, पठानकोट, कानपुर, जम्मू, लुधियाना, गुड़गांव, चंडीगढ़, दिल्ली, पुणे, अहमदाबाद इत्यादि में बैठे पूर्व विद्यार्थी भी काफी दु:खी हुए हैं। कई पूर्व विद्यार्थी अपने मित्रों और परिजनों से घटनाक्रम की जानकारी हासिल कर रहे हैं। स्कूल के पूर्व विद्यार्थियों को तो इस घटनाक्रम पर विश्वास ही नहीं हो रहा है। सिंगला ने बताया कि स्कूल के पूर्व विद्यार्थी जर्मनी के विख्यात व्यवसायी विकास अरोड़ा ने अपने संदेश में कहा है कि उन्हें जब अपने परिवार के सदस्यों से इस शर्मनाक घटनाक्रम का पता चला तो वह दिल से रो उठे कि उस स्कूल में ऐसा शर्मनाक हादसा हुआ जो नैतिकता, संस्कारों और शिक्षा के लिए अपने आप में मिसाल था। स्कूल के पूर्व विद्यार्थियों ने बैठक में यह भी निर्णय लिया कि समाज के प्रतिष्ठित नागरिकों और प्रबंधन कमेटी के पदाधिकारियों से मिलकर बात करेंगे कि मामले को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और ऐसे कठोर कदम उठाये जाने चाहिए कि भविष्य में इस प्रकार का घटनाक्रम न हो।