अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। जाट धर्मशाला -सभा की चौधर को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों ही गुट अपनी-अपनी मांग पर अड़े हुए है। कर्मवीर गुट जहां नई कार्यकारिणी को मान्यता देने की मांग पर अड़ा हुआ है और शुक्रवार को भी धर्मशाला में भूूख हड़ताल जारी रखी तो वहीं अंग्रेज सिंह उनसे धर्मशाला को खाली कराने की मांग जिला प्रशासन से मांग कर रहे है। शुक्रवार को भी वे प्रशासक एवं एसडीएम अनिल यादव से मिले और उन्होंने शनिवार तक धर्मशाला खाली कराने का आश्वासन दिया तो वहीं उन्होंने प्रशासक को धर्मशाला खाली न होने पर रविवार से डीसी आवास का घेराव करने की भी चेतावनी दी। बता दें कि 20 जुलाई को धर्मशाला में हुई समाज के लोगों की बैठक में कर्मवीर को प्रधान तो उनके नेतृत्व में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया था। इस नई कार्यकारिणी को मान्यता दिए जाने की मांग को लेकर उसी दिन से ही क्रमिक भूख हड़ताल कर्मवीर गुट की ओर से की जा रही है जबकि अंग्रेज गुट उन्हें धर्मशाला से बाहर किए जाने की मांग करता रहा है।
6 को होगी महापंचायत तो भूख हड़ताल भी रहेगी जारी : कर्मवीर
नई कार्यकारिणी के प्रधान कर्मवीर घराड़सी का कहना है कि उनकी कार्यकारिणी को मान्यता दिए जाने की मांग पर समाज के लोग भूख हड़ताल पर बैठे है। यह भूख हड़ताल मांग पूरी होने तक जारी रहेगी तो वहीं 6 अगस्त को समाज की महापंचायत भी होगी। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने अंग्रेज गुट द्वारा धर्मशाला खाली कराने की मांग पर कहा कि वे शांति पूर्ण ढंग से अपनी मांग को लेकर यह संघर्ष चला रहे हैं, जो समाज हित में है। यही मांग उन्होंने एसडीएम के साथ बैठक में रखी है। समाज ने ही उन्हें कमेटी के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी है और वे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे।
प्रशासन ने दिया धर्मशाला पर काबिज लोगों को आज बाहर करने का आश्वासन : अंग्रेज
पुरानी कमेटी के प्रधान अंग्रेज सिंह किरमच ने बताया कि शुक्रवार को एसडीएम एवं प्रशासक अनिल यादव से बैठक की थी। उनके समक्ष मांग की थी कि कुछ लोग धर्मशाला पर कब्जा जमाए हुए है ,जिन्हें बाहर किया जाए। प्रशासक ने उन्हें इसके लिए शनिवार तक का समय दिया है। अंग्रेज सिंह ने कहा कि प्रशासन यह कार्रवाई नहीं करेगा तो रविवार से डीसी कार्यालय का घेराव व सड़क जाम कर आंदोलन चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शनिवार को अनाज मंडी में उन्होंने अपने अधीन सभी कमेटियों की बैठक बुलाई है, जिसमें भी अगले आंदोलन को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।
डीसी आज लेंगे दोनों गुटों की बैठक
विवाद के चलते डीसी शनिवार को दोनों गुटों की बैठक लेंगे। सुबह दस बजे बैठक के लिए दोनों गुटों को आमंत्रित किया गया है। माना जा रहा है कि प्रशासनिक स्तर पर दोनों के बीच सहमति के प्रयास किए जाएंगे। उधर दोनों गुटों के प्रधान ने कहा कि वे अपना-अपना पक्ष व मांग पूरे विस्तार से रखेंगे।