पहली बार राहगिरी में मौज मस्ती करेंगे शहरवासी
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। शहर के लोगों के लिए मनोरजंन, मौज मस्ती के साथ-साथ दिमाग को तरोताजा करने के लिए प्रशासन की ओर से राहगिरी कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 29 अप्रैल को सुबह 6 से 9 बजे तक द्रोणाचार्य स्टेडियम से लेकर नए बस स्टैंड की मुख्य सड़क पर किया जाएगा। इसमें शहर के आम नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। इसका अहम पहलू यह है कि 29 अप्रैल को सुबह 6 बजे सड़क सुरक्षा सप्ताह को लेकर साइकिल रैली निकाली आयोजित की जाएगी। यह जानकारी नगराधीश कंवर सिंह ने दी। वे बुधवार को लघु सचिवालय के नगराधीश कार्यालय में समाजसेवी संस्थाओं व अधिकारियों की संयुक्त बैठक में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के आदेशानुसार कुरुक्षेत्र में पहली बार राहगिरी इस राहगिरी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य यह है कि लोग सप्ताहभर की परेशानियों को भुलाकर एकत्रित होकर राहगिरी कार्यक्रम में खूब मौज मस्ती करें। अपने मन के अनुसार खेलों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, डांस में भाग लें और अपने मित्रों के साथ अपने मन की बात को एक दूसरे से सांझा करें। उन्होंने कहा कि राहगिरी कार्यक्रम में एक मुख्य मंच लगाया जाएगा। इसका आयोजन नए बस स्टैंड से लेकर द्रोणाचार्य स्टेडियम तक किया जाएगा। कार्यक्रम में शहर के सभी लोगों, स्कूलों, कॉलेजों के विद्यार्थियों और सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से शामिल होने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि यह राहगिरी कार्यक्रम निरंतर जारी रहेगा। इससे पहले सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर तैयारियां पूरी करेंगे। इस मौके पर डीएसपी तान्या, जिला शिक्षा अधिकारी नमिता कौशिक, जिला खेल अधिकारी यशवीर सिंह, जिला रेडक्रॉस सचिव कुलबीर मलिक, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुरजीत कौर, जिला कल्याण अधिकारी शीशपाल सहित रोटरी क्लब, लायंस क्लब, जेसीआई क्लब के प्रधान मौजूद थे।
साइकिल रैली का होगा आयोजन
नगराधीश ने कहा कि 29 अप्रैल को साइकिल रैली द्रोणाचार्य स्टेडियम, नया बस स्टैंड, पूजा मॉडल स्कूल, जिंदल चौक से होती हुई वापस द्रोणाचार्य स्टेडियम में संपन्न होगी। इस दौरान लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
तेरी किताब मेरी किताब रहेगा आकर्षण का केंद्र
राहगिरी कार्यक्रम में एक स्टाल ‘तेरी किताब मेरी किताब’ का होगा। इस स्टाल पर कोई भी विद्यार्थी किसी भी कक्षा के पुरानी किताबों को रख सकता है और कोई भी विद्यार्थी उन किताबों को अपनी आवश्यकता अनुसार घर ले जा सकता है।
नेकी की दीवार के भी होंगे दीदार
रेडक्रॉस सोसायटी की तरफ से अस्थायी तौर पर नेकी की दीवार का स्थान भी राहगिरी में लगाया जाएगा। कोई भी पुराने कपड़े इस स्टाल पर रख सकता है। वहीं सड़क सुरक्षा सप्ताह को लेकर राहगिरी के दौरान जहां लोगों को सड़क नियमों के प्रति जहां जागरूक किया जाएगा, वहीं वाहनों पर नि:शुल्क चमकीली टेप भी लगाई जाएगी। लोक निर्माण विभाग की तरफ से सड़कों की सफाई करने के साथ जेब्रा लाइन की पेंटिंग की जाएगी।