भाकियू ने प्रदर्शन कर फसल बीमा योजना का किया विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों के बैंक खातों से जबरन पैसे काटने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन ने प्रदर्शन किया। भाकियू कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को लाडवा के दी कुरुक्षेत्रा सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के बाहर प्रदर्शन करते हुए सरकार विरोधी नारेबाजी की। प्रदर्शन की अगुवाई भाकियू के लाडवा ब्लॉक प्रधान बलजीत सिह जैनपुर और जिला उप-प्रधान सत्यवान नरवाल ने की।
भाकियू कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार जबरन किसानों पर यह योजना थोप रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैंक बिना किसानों की सहमती से बैंक खातों से पैसे नहीं काट सकती। यदि बैंकों ने किसानों के खातों से जबरन फसल बीमा योजना के नाम पर पैसे काटने बंद नहीं किए तो भाकियू किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी। भाकियू कार्यकर्ताओं के बैंक के बाहर हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए लाडवा पुलिस भी पहुंच गई। बैंक अधिकारी जिले सिंह ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे भाकियू कार्यकर्ताओं से बातचीत की और आश्वासन दिया की किसानों की मर्जी के बिना उनके बैंक खाते से फसल बीमा योजना के लिए पैसे नहीं काटे जाएंगे। जो किसान अपनी मर्जी से फसल बीमा करवाना चाहेगा, उसी किसान की फसल का बीमा किया जाएगा। बैंक अधिकारी के आश्वासन के बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया। प्रदर्शन में बलवान सिह जैनपुर, ईश्वर सिंह, गुरनाम सिंह, अमरीक सिंह बकाली, मेहर सिंह, राम कुमार, सुरेंद्र कुमार आदि उपस्थित थे।