अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद।
कस्बे की रिच कालोनी खानचंद मंडी में रविवार को सायं चार बजे जमकर फायरिंग हुई। यह फायरिंग उस समय हुई जब जिला अपराध शाखा ने खान चंद मंडी में स्थित एक मकान पर रेड की। रेड के दौरान जब फायरिंग हुई तो मकान के अंदर से अनेक युवक छत से कूद कर भाग निकले। सीआईए कर्मचारियों ने भी भागते युवकों का पीछा किया और उनमें से दो को पकड़ने में सफल रहे और मौके से एक कार भी बरामद की है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक खानचंद मंडी में शराब के ठेकेदारों ने मकान किराए पर ले रखा है और उसी मकान में शहर के व अन्य शहरों के ठेकेदारों की किसी झगड़े को लेकर पंचायत थी। सीआईए को गुप्त सूचना मिली कि पंचायत में कुछ लोग भी शामिल हो रहे हैं जो पहले चल रहे आपराधिक मामलों में वांछित हैं। इसी सूचना के आधार पर सीआईए ने मकान पर रेड की। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि जवाबी कार्रवाई में पंचायत में आए लोगों ने सीआईए स्टाफ पर फायरिंग की है या नहीं लेकिन वहां पड़े गोली के खोल सीआई टीम अपने साथ ले गई है।
-------------------------
पुलिस की लेटलतीफी पर सीआईए की आंखें लाल
मंडी में प्रत्यक्षदर्शी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि वह अपनी छत पर वाटरिंग कर रहा था। उसने देखा कि एक साथ पुलिस की 3 गाड़ियां उनकी कालोनी में घुसी जिनमें से सिविल वर्दी में कर्मचारी निकले। लेकिन कुछ देर बाद पुलिस की गाड़ी भी वहां पहुंची। जिस पर सीआईए के एक अधिकारी ने पुलिस कर्मचारियों को स्पष्ट कहा कि हम कुरुक्षेत्र से यहां तुम्हारे से पहले पहुंच गए और तुम हमारे बाद पहुंच रहे हो।
-----------------------------
पुलिसकर्मी पर एक आरोपी को भगाने का आरोप
मोहल्लावासियों ने एक पुलिस कर्मचारी पर एक आपराधिक तत्व को भगाने का आरोप भी लगाया है। मोहल्लावासियों ने कहा कि जब एक आपराधिक तत्व पुलिस कर्मचारी के काबू में आ गया था, लेकिन उसने जानबूझ कर उसे दूसरे रास्ते से भगा दिया। जिसके प्रत्यक्ष गवाह वहां मौजूद अन्य गाड़ियों के चालक हैं।
------------------
हो सकता था बड़ा खूनी संघर्ष
ऐसा माना जा रहा है कि जिस मामले को लेकर पंचायत चल रही थी। उस पंचायत में खूनी संघर्ष भी हो सकता था, क्योंकि बताया जा रहा है कि पंचायतों में दोनों तरफ के लोग हथियारों के साथ आए थे।