संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का धरोहर हरियाणा संग्रहालय अब 18 वर्ष का हो गया है। धरोहर की स्थापना 28 अप्रैल 2006 में हुई थी, जिसको लेकर प्रत्येक वर्ष आज के ही दिन हवन यज्ञ का आयोजन किया जाता है। रविवार को स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा हवन यज्ञ में आहुतियां डालेंगे और सेल्फी कॉर्नर का उद्घाटन भी करेंगे। सेल्फी कॉर्नर में धान कूटती महिलाओं को दिखाया गया है, जोकि दर्शकों को फोटो लेने के लिए आकर्षित करेगी।
प्रदेशभर का एकमात्र विवि है जो हरियाणा की पुरातन संस्कृति को संजोने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। युवा वर्ग को पुरातन संस्कृति से जोड़े रखने के लिए धरोहर संग्रहालय का निर्माण किया गया था। इसमें विलुप्त होती हरियाणवी संस्कृति को संजोकर रखा गया है, जिससे युवा पीढ़ी पुरातन संस्कृति से रूबरू होती है और पुराने समय की यादों को फोन में भी कैद करती है। संग्रहालय में तीन से चार हजार पुरानी वस्तुओं को रखा गया है जोकि विलुप्त हो चुकी हैं।
युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया का कहना है कि धरोहर का निर्माण युवा पीढ़ी को संस्कृति से जोड़े रखने के उद्देश्य से 2004 में निर्णय लिया गया था। इसके लिए छह लाख किलोमीटर की यात्रा कर प्रदेश का एक-एक गांव नापकर पुरातन सामान इकट्ठा किया गया था।
स्थापना दिवस पर दर्शकों का प्रवेश रहेगा निशुल्क : डॉ. चावला
संग्रहालय क्यूरेटर डॉ. विवेक चावला ने बताया कि 28 अप्रैल 2006 को धरोहर संग्रहालय की स्थापना हुई थी, जिसको लेकर प्रत्येक वर्ष आज ही के दिन हवन यज्ञ का आयोजन कर स्थापना दिवस मनाया जाता है। सोशल मीडिया के दौर में हर कोई सेल्फी लेना पसंद करता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सेल्फी कॉर्नर तैयार कराया गया है, जिसका उद्घाटन कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा करेंगे। उन्होंने बताया रविवार को स्थापना दिवस को लेकर दर्शकों का प्रवेश निशुल्क रहेगा।
कुरुक्षेत्र। डॉ. विवेक चावला।
कुरुक्षेत्र। डॉ. विवेक चावला।