थानेसर शहर में करीब 151 करोड़ की 8 बड़ी परियोजनाओं पर जल्द ही काम शुरू होगा। इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई है। यह जानकारी विधायक सुभाष सुधा ने सोमवार को विभिन्न साइट्स का निरीक्षण करते हुए दी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने ज्योतिनगर में सूरजकुंड तीर्थ के लिए चार करोड़ का बजट पारित किया है। इस तीर्थ में दो चरणों में काम किया जाएगा। प्रत्येक चरण में दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस राशि से पांच दुकानें, कुंड, पार्क, लाइटिंग, पार्किंग और शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। इस स्थल पर पांच दुकानों का निर्माण कार्य करीब करीब पूरा कर लिया है और मिट्टी भरने का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मसरोवर के चलते पानी के प्रोजेक्ट पर 17 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएंगी। इस प्रोजेक्ट को पूरा करने का जिम्मा एक निजी कंपनी को सौंपा गया है। जिसके अनुसार नहर से ब्रह्मसरोवर तक आरसीसी की दो पाइप पानी लाने व एक पाइप पानी वापस भेजने के लिए डाली जाएगी। इस पाइप को अंडरग्राउंड डाला जाएगा। इससे यूनिवर्सिटी के बीच में से आने वाले नाले को बंद कर दिया जाएगा। इसके बीच से पाइप बिछाई जाएंगी। इसके अलावा पानी बुस्टिंग के लिए 14500 आरडी के दो पंप और 15800 आरडी का एक पंप लगाया जाएगा। इस कार्य का शीघ्र शुभारंभ किया जाएगा। विधायक ने कहा कि झांसा रोड पर करीब 34 करोड़ की लागत से बनने वाले आरओबी की सरकार की तरफ से 14 अगस्त को प्रशासनिक अप्रूवल मिल चुकी है और इसका डिजाइन भी तैयार कर लिया गया है। इस प्रोजेक्ट को अनुमति के लिए रेलवे विभाग बड़ोदरा के पास भेजा गया है। इस की अनुमति आते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
------------
100 बेड के नए ब्लाक पर करीब 39.32 करोड़ होंगे खर्च
उन्होंने कहा कि एलएनजेपी अस्पताल में 100 बेड के नए ब्लाक पर करीब 39.32 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी और इस ब्लाक के नक्शा, प्रशासनिक व तकनीकी 22 दिसंबर 2016 को मंजूरी मिल चुकी है। इस प्रोजेक्ट का भी शीघ्र मुहूर्त किया जाएगा। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि रेलवे रोड को सिक्स लेेन बनाने के कार्य पर 8.61 करोड़ रुपये खर्च किया जाएगा। लघु सचिवालय के नए ब्लॉक पर 20 करोड़ रुपये खर्च किया जाएगा। इसके अलावा शहर में 15 जगहों पर करीब 20 लाख की राशि से सीसीटीवी कैमरे व वाईफाई लगाने का काम जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा।
------------
ढांड रोड को चौड़ा करने पर खर्च होगा 20.75 करोड़
यूनिवर्सिटी से लेकर कुरुक्षेत्र सीमा तक की 15 किलोमीटर सड़क को सात मीटर से दस मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। इस कार्य पर 20 करोड़ 75 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
-------------
झांसा रोड पर खर्च होगा 8 करोड़
विधायक ने कहा कि झांसा रोड़ पर रोटरी चौंक से थानेसर विस क्षेत्र सीमा तक सडक़ को चौड़ा करने व सौंदर्यीकरण करने तथा सीसी ड्रेनेज कार्य पर 8 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा अमन पैलेस के सामने सीसी की सडक़ बनाई जा रही है।