शाहाबाद। रोटरी क्लब की ओर से मंगलवार को निजी अस्पताल में एक विशेष बीएमडी स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 175 मरीजों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें नियमित जांच के लिए प्रेरित करना था। इस आयोजन की अध्यक्षता कर रहे डॉ. दीपक शर्मा ने मरीजों की जांच करते हुए बताया कि आज के समय में बदलती जीवनशैली और असंतुलित खानपान के कारण कई गंभीर बीमारियां जन्म ले रही हैं। समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवा कर इन रोगों से बचा जा सकता है। ऐसे शिविर आमजन के लिए बेहद लाभदायक होते हैं। मुख्य सलाहकार राजकुमार गर्ग ने कहा कि एक स्वस्थ शरीर ही सुखद और सक्रिय जीवन की कुंजी है।
रोटरी असिस्टेंट गवर्नर डॉ. एसएस आहूजा ने संतुलित आहार और नियमित व्यायाम को निरोग जीवन का आधार बताते हुए मरीजों को प्रेरित किया। क्लब प्रधान डॉ. आर एस घुम्मन ने कहा कि जब हम स्वयं को स्वस्थ रखते हैं, तभी हम समाज, परिवार और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभा सकते हैं। सचिव विक्रम गुप्ता ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा।