घुमंतू परिवारों को बांटे गर्म कपड़े, सहायता का दिया आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
पिपली से सटे गांव किशनपुरा के समीप नीलकंठ कॉलोनी के खाली पड़े प्लॉटों में लगभग 70 परिवार अनुकंपा के तौर पर रह रहे हैं। वर्ष 1962 से यहां इनके पास न स्थाई जमीन है, न मकान, बिजली पानी की सुविधा है। उनकी हालत को देखे हुए पूर्व ब्लाक समिति सदस्य की अगुवाई में सामाजिक संगठनों से जुड़े सदस्यों ने रविवार को इन जरूरतमंदों को सर्दी से बचाने के लिए गर्म वस्त्र वितरित किए। पूर्व ब्लॉक समिति सदस्य अशोक शर्मा ने बताया कि इन परिवार के सदस्यों ने जायजा लेने गए सदस्यों से उनकी मदद की अपील की थी। इस पर उन्होंने सरकार के नुमाइंदों औश्र प्रशासन से मिलकर इस समस्या का हल कराने का भरोसा दिलाया।
श्री परशुराम इंटरनेशन (एसपीआई) संगठन की कष्ट निवारण विंग के हरियाणा उपाध्यक्ष अजय शर्मा ने बताया कि यह लोग झुग्गी झोपड़ी लगाकर रहते हैं। पिपली में पंचायती जगह न होने की वजह से इनको सौ-सौ गज के प्लॉट की स्कीम का भी कोई लाभ नहीं हुआ। मांग की गई कि जिन लोगों के पास आवास सुविधा नहीं है, उन्हें सरकार सुविधा उपलब्ध कराए। इसके लिए संगठन अभियान चलाएगा। इस अवसर पर एसपीआई यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संदीप कौशिक, डा. राकेश गौतम, रामकुमार वर्मा, एस्ट्रो भूपेंद्र चोपड़ा, राजेंद्र शर्मा, दीपक शर्मा, विजय शर्मा, मनीष शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।