जिले में वीरवार को कोरोना के 17 नए केस आने के साथ एक 60 वर्षीय महिला की मौत भी हो गई। जिले में कोरोना से अब तक कुल तीन मौत हो चुकी हैं। महिला पिहोवा के गांव थाना की रहने वाली थी, जिसकी तबीयत खराब होने पर उसके परिजन उसे करनाल के कल्पना चावला अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था तथा उसकी मौत के बाद उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके अलावा 10 मरीजों को ठीक होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
कुरुक्षेत्र में कोरोना वायरस से संक्रमित अब तक 245 मरीज ठीक होकर घर लौट गए हैं तथा आज 212 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह ने वीरवार को देर सायं जारी एक हेल्थ बुलेटिन में कहा कि कुरुक्षेत्र में अलग-अलग जगहों से कोरोना वायरस से संक्रमित 17 नए केस सामने आएं हैं, जिनमें शाहबाद के वार्ड 10 से 45 वर्षीय व्यक्ति, शाहबाद के वार्ड 13 से 39 वर्षीय महिला, शाहबाद के रत्नगढ़ से 24 वर्षीय युवक व एक वर्षीय बच्ची, शाहबाद की विजय कालोनी से 23 वर्षीय युवक, 52 वर्षीय व्यक्ति व 51 वर्षीय महिला, सुभाष नगर शाहबाद से 63 वर्षीय व्यक्ति, शाहबाद उद्यम सिंह कालोनी से 29 वर्षीय व्यक्ति व 25 वर्षीय महिला, रामनगर शाहबाद से 24 वर्षीय व्यक्ति, शाहबाद के हुडा सेक्टर-1 से किशोर(14) व 70 वर्षीय व्यक्ति, पिहोवा के गांव गुमथलागढ़ू से 63 वर्षीय व्यक्ति, आदेश मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से 24 वर्षीय महिला शामिल है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र जिला से 10 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट नेगटिव आने पर डिस्चार्ज कर दिया गया है, जिनमें राजेंद्र नगर नगली कुटिया से 23 वर्षीय युवक, शाहबाद मेन बाजार से 25 वर्षीय व्यक्ति, राजेंद्र कालोनी से 53 वर्षीय महिला व 18 वर्षीय युवती, पिहोवा से 65 वर्षीय व्यक्ति, पिहोवा के वार्ड 8 से 68 वर्षीय महिला व 45 वर्षीय महिला, पुलिस लाइन से 88 वर्षीय व्यक्ति, 82 वर्षीय महिला व 48 वर्षीय महिला शामिल है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में दिसंबर माह से लेकर अब तक कुल 2799 लोग आए है, इनमें 2349 लोग स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के अनुसार 28 दिन का समय चक्र पूरा कर चुके है और 377 व्यक्तियों को होम क्वारंटीन किया गया है तथा 73 को होटल में क्वारंटीन किया गया है। वीरवार को 212 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इस जिले में अब तक 424 पॉजिटिव केस सामने आ चुके है। इनमें 245 सैंपलों की रिपोर्ट जो पॉजिटिव थी वह सभी 245 मरीज ठीक होकर घर जा चुके है और तीन कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो चुकी है। इस प्रकार कुरुक्षेत्र में कोरोना वायरस के 176 एक्टीव केस हैं।
पिहोवा में हुई पहली मौत
पिहोवा में वीरवार को एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के साथ कोरोना पॉजिटिव महिला की मौत हो गई है। पिहोवा के कोरोना नोडल अधिकारी अरुण घोतरा ने बताया कि गांव थाना वासी 60 वर्षीय महिला की बुुधवार को अचानक तबीयत खराब हो गई थी, जिसे परिजनों ने गांव के ही क्लीनिक से जांच कराई थी। महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने उसे अस्पताल में जांच कराने का सुझाव दिया था। इसके बाद महिला की बेटी ने उसे अपने पास करनाल बुलाकर कल्पना चावला अस्पताल में उसकी जांच कराई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मौत के बाद उसका कोरोना सैंपल लिया गया, जिसकी रिपोर्ट में पॉजिटिव आई। उक्त महिला शुगर की मरीज थी। उन्होंनेे बताया कि इस केस के अलावा गांव गुमथलागढ़ु के 63 वर्षीय व्यक्ति का सैंपल भी पॉजिटिव मिला है। पिहोवा में कोरोना के कुल 49 केस सामने आए है, जिसमें 29 केस एक्टिव है। इसके अलावा 19 केस घर लौट चुके है तथा एक महिला की मौत हो गई है।
परिजनों ने जताई गांव में अंतिम संस्कार करने की इच्छा
एसडीएम सोनू राम ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम की देख-रेख में महिला का अंतिम संस्कार कराया जाएगा। महिला के परिजनों ने इच्छा जताई है कि उसका संस्कार गांव थाना में किया जाए। इसकी जिम्मेदारी बीडीपीओ को सौंपी गई है। स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में महिला का अंतिम संस्कार किया जाएगा। खबर लिखे जाने तक महिला का पार्थिव शरीर गांव थाना नहीं पहुंचा था।