फोटो नंबर-11 से 13
- जीटी रोड पर खड़े ट्रॉले में भिड़ी बाइक,फैक्टरी में नौकरी करने वाले बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत
-मंगलवार देर रात को अंबाला-शाहाबाद के बीच अमन ढाबा के निकट हुआ दर्दनाक हादसा
-कपड़ा फैक्टरी के घर की ओर लौट रहे मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद। फैक्टरी में काम करके घर लौट रहे तीन दोस्तों की बाइक मंगलवार देर रात अंबाला-शाहाबाद जीटी रोड स्थित अमन ढाबा के निकट खड़े ट्रॉले में जा घुसी। दर्दनाक हादसे में तीनों युवकों की मौत हो गई। मृतकों में दो युवक कुरुक्षेत्र के गांव खरींडवा और एक बजीदपुर का रहने वाला है। पुलिस ने तीनों शव एलएनजेपी अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। बुधवार को तीनों का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए।
जानकारी के अनुसार, खरींडवा का सलमान (23) और जावेद (21) और गांव बजीदपुर का गुरदीप सिंह (25) गांव मोहड़ा स्थित प्रताप कपड़ा फैक्टरी में काम करते थे। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे तीनों फैक्टरी से घर के लिए एक बाइक पर रवाना हुए थे। पुलिस को दी शिकायत में मृतक सलमान के बड़े भाई अमीर खान ने बताया कि वह भी फैक्टरी में मशीन ऑप्रेटर है। रात को फैक्टरी से छुट्टी होने के बाद जावेद की बाइक पर सलमान खान व गुरदीप सिंह शाहाबाद की ओर चले थे। वह गुरदीप सिंह के रिश्तेदार राजकुमार के साथ दूसरी बाइक पर तीनों के पीछे चल रहा था। अमन ढाबे के पास तीनों की बाइक पुल पर खड़े ट्रॉले में पीछे जा भिड़ी। तीनों बुरी तरह से लहूलुहान हो गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से शाहाबाद के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां तीनों को सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया गया। यहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बुधवार को शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। बहरहाल पुलिस ने हादसे का मामला दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी है। अमीर ने बताया कि वह फैक्टरी में तीन साल से काम कर रहे थे।
बिना संकेत दिए जीटी रोड पर खड़ा था ट्रॉला
बताया गया है कि जब जावेद मोटरसाइकिल पर अमन होटल के पास पहुंचा तो जीटी रोड बिना संकेत ट्रॉला खड़ा था। इसी बीच जावेद की मोटरसाइकिल खड़े ट्रॉले में पीछे से जा घुसी। जो उनकी मौत का कारण बनी। जांच अधिकारी गुरविंदर सिंह ने बताया कि तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।
तीन बहनों का इकलौता भाई था गुरदीप सिंह
गुरदीप के पिता सोमनाथ ने बताया कि गुुरदीप सिंह पिछले तीन वर्षों से गांव मोहड़ा स्थित प्रताप नामक कपड़ा फैक्टरी में काम करता था। परिवार की सारी जिम्मेदारी गुरदीप के सिर पर थी। उन्होंने बताया कि गुरदीप की तीन छोटी अन्य बहने हैं, जिनकी अभी तक शादी नहीं हुई।