बराला कांड से भाजपा की छवि हुई धूमिल : सैनी
कहा, खट्टर सरकार पर लग गया खास समुदाय के दबाव का टैग
-फुटबाल वाली मेरी वीडियो नहीं, कभी स्पोर्ट्स शू नहीं पहने
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की सरकार पर एक खास समुदाय के दबाव का टैग लग चुका है। उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि बराला के पुत्र ने जो किया, उसके संस्कार उन्हें घर से ही मिले हैं। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में जिस बेटी के साथ घटना हुई, अगर पुत्र मोह छोड़कर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बराला स्वयं इस्तीफा दे देते दो आज वे हीरो बनते, लेकिन उनके इस्तीफा न देने से हरियाणा में भाजपा की की छवि हुई खराब।
सांसद सैनी ने शनिवार को कुरुक्षेत्र स्थित अपने आवास पर पत्रकारों को बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक वीडियो उनकी नहीं है, उनका मजाक बनाने के लिए कथित वीडियो की वायरल किया गया है। इसकी वह पुलिस को शिकायत करेंगे। दरअसल इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रही है। इसमें कथित रूप से सांसद सैनी एक फुटबाल प्रतियोगिता का उद्घाटन भागते हुए फुटबाल को किक मारकर करते हैं, लेकिन ऐसा करते समय वे धड़ाम से जमीन पर गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने इस वीडियो को गलत बताया। उन्होंने कहा कि वीडियो में उन्हें स्पोर्ट्स शू पहने दिखाया गया है, जबकि वे ऐसे शू नहीं पहनते।