फोटो-8 व 9
कुरुक्षेत्र बाईपास के प्रस्ताव पर राज्य सरकार की मुहर
ज्योतिसर से जिरबड़ी और लाडवा रोड पर निकलेगा, अब केंद्र का इंतजार
-विधायक ने किया ज्योतिसर में निरंतर जल प्रवाह निर्माण कार्य का निरीक्षण
-अक्तूबर तक पूरा होगा ब्रह्मसरोवर में निरंतर जल के लिए शुरू हुआ प्रोजेक्ट
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
राज्य सरकार ने ज्योतिसर से जिरबड़ी और लाडवा रोड पर निकलने वाले बाईपास के प्रस्ताव पर मोहर लगा दी है। अब यह प्रस्ताव अंतिम अनुमति के लिए केंद्र सरकार को भेजा गया है। इस प्रोजेक्ट पर अनुमानित हजारों करोड़ रुपये खर्च होेंगे। पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी थानेसर के विधायक सुभाष सुधा ने शनिवार को ज्योतिसर में दी।
यहां सुधा ब्रह्मसरोवर के निरंतर स्वच्छ जल के प्रोजेक्ट को लेकर चल रहे निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान सुधा ने ब्रह्मसरोवर में जल्द स्वच्छ जल का प्रबंध हो सके, इसके लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विभागों के तमाम अधिकारियों के साथ ज्योतिसर में निरंतर जलप्रवाह के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और संबंधित विभाग के अधिकारियों से फीडबैक रिपोर्ट हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न गुलजारी लाल नंदा ने ब्रहमसरोवर का निर्माण कार्य करने के साथ-साथ निरंतर जल प्रवाह का सपना देखा था। इस सपने को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 4 जून 2015 को थानेसर रैली में ब्रह्मसरोवर में निरंतर जलप्रवाह की घोषणा की थी। इस घोषणा के बाद विपक्षी दलों ने इस घोषणा को लेकर कई सवाल जवाब किए थे। उन्होंने कहा कि ब्रह्मसरोवर से भाखड़ा नगर तक पानी निकासी के कार्य को पूरा किया जा चुका है और भाखड़ा नहर से ब्रह्मसरोवर तक स्वच्छ जल परियोजना का कार्य 60 फीसदी पूरा हो चुका है। सुधा ने बताया कि इस प्रोजेक्ट पर को अक्टूबर माह तक पूरा कर लिया जाएगा, क्योंकि गीता जयंती महोत्सव से पूर्व इस कार्य को पूरा किया जाना हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की तरफ से इस परियोजना पर 16 करोड़ 99 लाख रुपये की राशि खर्च की जा रही है।
आस्था का केंद्र है ब्रह्मसरोवर
ब्रह्मसरोवर कुरुक्षेत्र आने वाले लोगों के लिए आस्था और आकर्षण का केंद्र है। ब्रह्मसरोवर के जल में सूर्यग्रहण मेले, अमावस्या, गीता जयंती में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था जुड़ी है। इस परियोजना के पूरा होने से कुरुक्षेत्र वासियों की भी लंबे समय से चली आ रही बड़ी मांग पूरी होगी। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद ब्रह्मसरोवर हमेशा स्वच्छ और निर्मल रहेगा। इस परियोजना से ब्रह्मसरोवर पर पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होगा।
जल्द लगेगा साढ़े 16 करोड़ का लेजर शो
ब्रह्मसरोवर पर करीब 16 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से मल्टी मीडिया और लेजर शो का प्रोजेक्ट लगने जा रहा है। इस जगह पर करीब 600 लोगों की बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा ज्योतिसर में 11 एकड़ भूमि में करीब 48 करोड़ की लागत से महाभारत थीम तैयार की जाएगी। यह प्रोजेक्ट श्री कृष्णा सर्किट के तहत पूरा किया जाना है।