कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी को मुख्यालय के लिए नया भवन मिलेगा। यह भवन गुरु रामदास सरां परिसर के बजाय अब गुरुद्वारा पहली पातशाही के समीप स्थित जगह पर बनाए जाने की तैयारी है, जिसके लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही है। कमेटी प्रधान जगदीश सिंह झींडा इसके लिए जमीन का मुआयना भी कर चुके हैं तो वहीं गुरु रामदास सरां परिसर में यह भवन बनाने के लिए खोदी गई नींव को भी भर दिया गया है। 16 साल पहले वर्ष 2009 में एसजीपीसी के तत्कालीन प्रधान अवतार सिंह मक्कड़ ने प्रदेश सब कार्यालय बनाने के लिए पत्थर रखा था।
यहां 13 दिसंबर 2024 को एडहॉक कमेटी के तत्कालीन अध्यक्ष भूपिंद्र सिंह असंध व धर्मप्रचार कमेटी के अध्यक्ष बलजीत सिंह दादूवाल की मौजूदगी में नींव पत्थर रखा गया था तो निर्माण कार्य के लिए टॉक भी लगाया गया था। इसके लिए यहां स्थित करीब 65 साल पुराने भवन को ढहाया जाने की भी योजना बनाई गई थी।
वर्तमान में कमेटी का मुख्यालय श्री रामदास सरां में ही चलाया जा रहा है, जहां करीब 70 कक्ष हैं। पहले इसी सरां में भूमिगत तल पर एसजीपीसी की ओर से सिख मिशन कार्यालय बनाया गया था। साथ ही यहीं पर अपना प्रदेश स्तरीय कार्यालय भी चलाया हुआ था। वर्ष 2007 में इस सब कार्यालय का उद्घाटन तत्कालीन प्रधान जत्थेदार अवतार सिंह द्वारा किया गया था। यही नहीं हरियाणा एडहॉक कमेटी बनने के बाद भले ही यहां से एसजीपीसी की ओर से बनाए सिख मिशन कार्यालय को बंद कर दिया गया, लेकिन इस कमेटी का मुख्यालय एवं सभी कार्यालय आज तक यही से चलाए जा रहे हैं।
झींडा बोले, मुख्यालय बनाने के लिए थी ज्यादा जमीन की जरूरत
एचएसजीपीसी के प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा का कहना है कि कमेटी मुख्यालय भवन बनाने के लिए पहले वर्तमान मुख्यालय के साथ ही गुरु रामदास सरां परिसर में तैयारी की थी लेकिन यहां जगह कम होने के चलते अब गुरुद्वारा पहली पातशाही के समीप यह निर्माण करने की योजना बनाई है। इसी जमीन पर एसजीपीसी के तत्कालीन प्रधान अवतार सिंह मक्कड़ ने वर्ष 2009 में सब कार्यालय के लिए नींव पत्थर रखा था। अब यहां हरियाणा कमेटी का मुख्यालय बनाने के लिए जल्द कार्य शुरू कराया जाएगा।