फोटो नंबर-29, 30
पुस्तकालय बंद देख भड़के विद्यार्थी, कुलपति कार्यालय के बाहर जताया रोष
-
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के वीरवार को निधन के बाद शुक्रवार को राष्ट्रीय शोक मनाते हुए केयू प्रशासन ने जवाहरलाल नेहरू पुस्तकालय बंद कर दिया। जैसे ही विद्यार्थी रूटीन में सुबह 9 बजे पुस्तकालय गेट पर पहुंचे तो बगैर नोटिस चस्पाए पुस्तकालय बंद देखकर भड़क गए। यहां से प्रदर्शन करते हुए विद्यार्थी कुलपति कार्यालय पहुंचे और विरोध जताया।
विद्यार्थियों का कहना था कि बिना जानकारी दिए और बिना कोई नोटिस लगाए पुस्तकालय बंद करना गलत है। विद्यार्थियों ने कुलपति कार्यालय के बाहर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रोष जताने का तरीका भी विद्यार्थियों ने कुछ अलग ही अपनाया और अपनी पुस्तकें यहीं खोलकर पढ़ाई शुरू कर दी। कहा कि वीरवार शाम से शुक्रवार सुबह तक प्रशासन ने यूनिवर्सिटी वेबसाइट पर भी कोई सूचना नहीं डाली। शोधार्थी रवि दुहन ने कहा कि केयू प्रशासन द्वारा जारी किए पत्र में पुस्तकालय को बंद करने का कोई जिक्र नहीं किया। बावजूद इसके केयू प्रशासन ने पुस्तकालय को बंद कर दिया। जब एनआईटी संस्थान का पुस्तकालय खुल सकता है तो केयू का क्यों नहीं। प्रशासन अवकाश करने के चक्कर में विद्यार्थियों के भविष्य के खिलवाड़ कर रहा है। दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रख सके, इसके लिए लाइब्रेरी खोलनी चाहिए थी। इस अवसर पर विधि विभाग से विक्रम आर्य, अंकुश गुप्ता, विक्रम सिंह, खेमचंद, जसवीर सिंह, रामकुमार एवं विशाल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। केयू प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रीय शोक के चलते सभी विभागों को बंद करने के निर्देश थे। इसी कारण पुस्तकालय को भी बंद रखा गया।