देश के पिछड़ने का कारण राजनेताओं की वोट हथियाने की राजनीति : सैनी
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा।
देश के पिछड़ने का मुख्य कारण राजनेताओं की वोट हथियाने की राजनीति है। यदि नेता चाहते तो देश में इस समय बेरोजगारी और भुखमरी जैसे हालात पैदा ही न होते। ये बातें लोकतंत्र सुरक्षा मंच के अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से सांसद राजकुमार सैनी ने कहीं। वह मंगलवार को गांव अरुणाय स्थित रविदास धर्मशाला में कार्यक्रम के दौरान संबोधित कर रहे थे।
सैनी ने कहा कि चुनावों के समय नेता गरीबी हटाओ का नारा लेकर वोट मांगने आते हैं, लेकिन सत्ता हथियाने के बाद नीति गरीबों को हटाने में बदल जाती है। यही कारण है कि पिछले 70 वर्ष में भारत से गरीबी तो हटी नहीं, बल्कि बेरोजगारी बढ़ गई। किसी भी सरकार ने गरीबी हटाने के लिए कोई उचित नीति नहीं बनाई। आज दुबई, चीन, मलेशिया जैसे देश विकसित हैं, लेकिन स्वार्थ राजनीति के चलते देश विकसित नहीं हो पाया। हमारे देश से लोहा खरीदने वाले चीन के प्रत्येक व्यक्ति के हिस्से में 469 किलोग्राम लोहा आता है, जबकि हमारे देश में प्रति व्यक्ति 64 किलो लोहा होने के बावजूद चीन हमसे कच्चा माल खरीद कर मूर्तियां बनाकर हम को ही भेज रहा है। हम चीन में बनी मूर्तियां खरीद रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने अगर 2019 में उन्हें मौका दिया तो उनके नेतृत्व में बनने वाली सरकार 100 प्रतिशत आरक्षण लागू करेगी। किसी का हक छीनकर जातिगत दबाव नहीं रहेगा। एक परिवार-एक रोजगार की नीति बनाकर बेरोजगारी को समाप्त करने के लिए काम करेंगे। मनरेगा में काम करने वाले लोगों को 100 दिन की बजाय 300 दिन काम दिया जाएगा। इस अवसर पर सोनू बेरी, रजनी बेरी, सुखबीर सैनी, जगदीश शर्मा, कश्मीरी लाल, जोगिंद्र, रामभरोसे, सोमनाथ, शिव कुमार, बंटी, पार्षद पलविंद्र पम्मा, सिमरजीत कौर, कवलजीत कौर, कृष्णा देवी, रणजीत आदि मौजूद रहे।