- 10 करोड़ के बजट से लगेंगी करीब 15 हजार एलईडी लाइट
- 12 सितंबर से शुरू होगा कार्य, 6 माह में पूरा करने का लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि थानेसर शहर शीघ्र ही आधुनिक एलईडी लाइटों की दुधिया रोशनी से जगमगा उठेगा। इस प्रोजेक्ट को मुख्यमंत्री मनोहर लाल से स्वीकृति मिलने के बाद 12 सितंबर से शुरू किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट पर 10 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा और शहर के चप्पे-चप्पे की लाइटों को बदलकर करीब 15 हजार छोटी व बड़ी एलईडी लाइट्स लगाई जाएंगी। रात्रि 10 बजे के बाद ट्रैफिक का आवागमन कम होने पर एलईडी लाइट्स की वोल्टेज अपने आप कम हो जाएगी, इससे बिजली की बचत भी हो सकेगी।
विधायक सुभाष सुधा बुधवार को देर सायं नगर परिषद कार्यालय में अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले विधायक ने कैलाश नगर से शांति नगर की तरफ 25 लाख रुपये की लागत से बन रही सीसी सडक़ निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। अब इस सड़क के निर्माण कार्य के पूरा होने से हजारों लोगों की समस्या का समाधान हो जाएगा। इतना ही नहीं विधायक ने नप सफाई कर्मचारियों और अधिकारियों को सख्त आदेश दिए कि शहर में नालों की सफाई न होने के कारण पानी निकासी की समस्या का सामने नागरिकों को करना पड़ा। इसलिए सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में नालों की सफाई करवाना सुनिश्चित करें, ताकि बरसात के दौरान पानी निकासी हो सके। विधायक ने कहा कि अंबेडकर चौक से छठी पातशाही सड़क पर पानी निकासी के लिए पाइप डालने का काम शुरू किया जा रहा है। सभी अधिकारी पानी निकासी के मामले को गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि शहर में एलईडी लाइट्स लगाने की परियोजना को अमलीजामा पहनाने का काम शुरू कर दिया गया है। इस कार्य को पूरा करने का जिम्मा एजेंसी को दे दिया गया हैं। शहर में सभी गलियों, प्रमुख चौराहों, सडक़ों पर करीब 15 हजार एलईडी लाइट्स बदलने और नई लगाने का कार्य किया जाना है। यह कार्य 12 सितंबर से शुरू होकर फरवरी माह तक पूरा कर लिया जाएगा। इस मौके पर ईओ बीएन भारती, सचिव केएल बठला, एमई ईश्वर वर्मा व राकेश मग्गु, पार्षद दीपक सिड़ाना, दरबारा सिंह मौजूद रहे।
थीम पार्क में बनेंगे शौचालय
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि लोगों की शौचालय संबंधी को दूर करने के उद्देश्य से थीम पार्क में शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य की जिम्मेवारी पंचायती राज विभाग को सौंपी गई हैं। इन शौचालयों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा।