भाव खा रहीं सब्जियां, शिमला मिर्च ‘तीखी’ तो टमाटर ‘लाल’
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। पिछले करीब एक माह से सब्जियों ने गृहणियों का बजट बिगाड़ा हुआ है। कई सब्जियों के भाव आज भी आसमान छू रहे हैं तो कई सब्जियों के दाम में हल्की राहत भी मिली है। जून माह के अंत में हुई बारिश के बाद सब्जियों के दाम में भारी उछाल आया था, जो अभी भी बना हुआ है। यहां तक कि पिछले एक सप्ताह में ही कई सब्जियों के भाव 10 से 20 रुपये प्रति किलो तक बढ़े हैं। इससे इन सब्जियों की खपत भी कम हो गई है।
सब्जी विक्रेता राकेश कुमार का कहना है कि सब्जियों के दाम अधिक होने से खरीदारी महज 50 फीसदी तक सिमट कर रह गई है। सलाद में शामिल खीरे व टमाटर आदि को भी लेने से लोग आज भी कतरा रहे हैं तो वहीं सिर्फ काम चलाने के लिए ही गृहणियां सब्जियां खरीद रही हैं। कई सब्जियों की आवक कम हो गई है तो कई पिछले दिनों हुई बारिश के चलते खराब हो चुकी है। इसके चलते भी इनके दाम में बड़ा उछाल आया है। गृहिणी नीतू सिंह का कहना है कि बारिश के सीजन के चलते जहां अच्छी सब्जियां भी नहीं मिल रही वहीं अधिकतर सब्जियों के भाव इतने मंहगे हो चुकेे हैं कि रसोई का बजट बिगड़ने लगा है। यहीं नहीं खाने की थाली से सब्जी के साथ-साथ सलाद भी गायब हो चुका है।
सब्जियों के भाव रुपये प्रतिकिलो
शिमला मिर्च 80 से 50
भिंडी 50 से 30
तोरी 50 से 30
गोभी 80 से 50
घीया 40 से 25
टमाटर 80
मटर 80
करेला 40
आलू 10
प्याज 20
खीरा- 30
मूली 30