विधायक रामकरण काला और नगर पालिका प्रधान डॉ. गुलशन क्वात्रा की अध्यक्षता में वीरवार को नगर पालिका की पहली बैठक हुई। इसमें विकास कार्यों के लिए 15 करोड़ का बजट पास किया गया। जल्द ही इस राशि से वार्डों में विकास कार्य शुरू किए जाएंगे।
डॉ. गुलशन क्वात्रा ने कहा कि जो लोग पॉलिथीन का व्यापार करते हैं उन्हें विधायक रामकरण काला की सिफारिश पर 15 दिन का समय दिया गया था जिसकी अवधि पूरी हो चुकी है। इसलिए अब नगरपालिका जनहित में पॉलिथीन का प्रयोग करने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। विधायक रामकरण काला ने कहा कि नगरपालिका की ओर से नलवी जलेबी पुल पर स्ट्रीट लाइट लगवाई जाएगी। वहीं शाहाबाद लाडवा चौक से शुगर मिल, बराड़ा चौक से अनाज मंडी के आगे तक करीब 400 स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। विधायक ने ठेकेदारों को चेतावनी दी कि जनता के अनुरूप विकास कार्य न करने वाले ठेकेदार के बिल पास नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब वह नपा प्रधान और पार्षदों के साथ वार्डों के दौरे करेंगे और आवश्यकता के अनुसार विकास की राशि मंजूर की जाएगी।
पार्षद जसबीर सिंह सैनी ने सड़कों को बेसहारा पशुओं से मुक्त करने, पार्षद निशा ठकराल ने नशे के खिलाफ मिशन चलाने और पार्षद ईशा सचदेवा ने पार्कों की सफाई व्यवस्था पर जोर दिया। वहीं पार्षद प्रवीन शर्मा ने सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की। पार्षद नवनीत कौर ने नगरपालिका कार्यालय में बैठक के लिए उचित कॉन्फ्रेंस हाल के निर्माण व सरकारी स्कूल नंबर एक के पास अटी गंदगी को हटा कर टॉयलेट स्थापित करने और पार्षद भाविका क्वात्रा ने परचेजिंग कमेटी गठित करने का सुझाव पेश किया। पार्षद रीतू ने योजनाओं पर जल्द काम शुरू करने के लिए कहा। पार्षद हीरा लाल ने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने का सुझाव पेश किया। इसके अलावा पार्षद जगतार सिंह तारा ने नगर में सीसीटीवी कैमरे लगाने का सुझाव रखा। इस मौके पर पार्षद राजेश उप्पल, कुसुम रानी, मीनाक्षी शर्मा, सुनील बत्रा, विजय कुमार, नीरज कुमार, अमित सिंघल, आरती गुप्ता, अमृत पाल, पंकज सिंगला मौजूद रहे।
पार्षद के पतियों को बैठक में नहीं दिया प्रवेश
विधायक रामकरण काला और नपा अध्यक्ष डॉ. गुलशन क्वात्रा की जोड़ी ने पुरानी रीत को खत्म करते हुए नपा बोर्ड की पहली बैठक में महिला पार्षद पतियों को प्रवेश नहीं दिया। बेशक पति नगर पालिका में पहुंचे, लेकिन उन्हें अलग कमरे में स्थान दिया गया।