कुरुक्षेत्र। लुप्त होती लोककला सांझी को प्रदर्शित करने के लिए 14 अक्तूबर को विरासत सांझी उत्सव मनाया जाएगा, जिसमें विरासत हेरिटेज विलेज मसाना में सांझी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में जिले भर की महिलाएं हिस्सा लेकर लुप्त होती लोककला सांझी बनाकर प्राचीन संस्कृति को प्रदर्शित करेगी।
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को एक लाख 35 हजार से अधिक के पुरस्कार लोक कलाकारों और महिलाओं को वितरित किए जाएंगे। लोककला सांझी प्रदेश की लोक पारंपरिक कला का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य वर्तमान में अब गांवों से लुप्त होती जा रही इस लोक कला सांझी को बचाना है। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. महा सिंह पूनिया का कहना है कि लुप्त होती सांझी कला को बचाने के लिए समाज के सभी लोगों को बढ़चढ़ कर हिस्सा लेना चाहिए। विरासत सांझी उत्सव में पहला पुरस्कार 51 हजार, दूसरा 31 हजार, तीसरा 21 हजार, चौथा 11 हजार, पांचवां 51 सौ रुपये निर्धारित किया गया है। जबकि छठा पुरस्कार 21 सौ रुपए के पांच और सातवां पुरस्कार 11 सौ रुपए के पांच पुरस्कार रखे गए हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 14 अक्तूबर को होगा, जबकि परिणाम 15 अक्तूबर को सायं चार बजे आयोजित किए जाएंगे। इसके पश्चात विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करने के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।