बिजली की बचत के फायदों के लिए हुईं कार्यशालाएं
अमर उजाला ब्यूरो
बाबैन।
उत्तरी हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम द्वारा बिजली की बचत करने और मेरा गांव जगमग गांव योजना के फायदों से लोगों को अवगत कराने को लेकर माता सावित्री बाई फूले सीनियर सेकेंडरी स्कूल बाबैन और गांव खरींडवा में कार्यशालाएं आयोजित की गईं। इस अवसर पर नुकड़ नाटक मंडली ने नाटक और स्कूल के बच्चों ने बिजली बचाओ पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में भाग लिया। साथ ही इसके माध्यम से लोगों को बिजली की बचत और मेरा गांव जगमग गांव योजना के फायदों से अवगत कराया।
इस अवसर पर उत्तरी हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के मुख्य अभियंता एचपी शर्मा ने कहा कि आज के युग में बिजली बहुत ही महंगी और आवश्यक चीज हो गई है। इस कारण हमें बिजली की बचत करने और बिजली चोरी करने से दूर रहना होगा। उन्होंने कहा कि एक यूनिट बिजली का उत्पादन करने के लिए 750 ग्राम कोयला और एक किलो पानी खर्च होता है। इसके साथ ही अन्य खर्चे भी होते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को बिजली बचाने के लिए एलईडी बल्बों, पंखों पर सब्सिडी देने के साथ ही प्रदेश के 1140 गांवों में मेरा गांव जगमग गांव योजना शुरू की गई है। इससे बिजली की बचत भी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के गांवों में बिजली की बचत के प्रति लोगों में जागरूकता आने से 228 करोड़ रुपये की बिजली की बचत हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर प्रदेश में मेरा गांव जगमग गांव योजना शुरू करने से 1140 गांवों में अब 20 घंटे से ज्यादा बिजली मिल रही है। ट्रांसफार्मर और बिजली की केबल भी जलनी बंद हुए है। उन्होंने कहा कि मेरा गांव जगमग गांव योजना शुरू होने से बिजली की चोरी रुकी है। इससे बिजली चोरी करते वक्त होने वाली दुर्घटनाओं में भी कमी आई है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश और प्रदेश के विकास का मुख्य आधार उद्योग होते है। जिन गांवों में अधिक बिजली मिलेगी वहां लघु और बड़े उद्योग स्थापित होंगे। इससे गांवों में लोगों के लिए रोजगार के ज्यादा अवसर उपलब्ध होंगे। इस अवसर पर उप मंडल अधिकारी बाबैन वेदप्रकाश गुप्ता ने कहा कि गांवों में अधिक बिजली मिलने से गांवों में शिक्षा के स्तर में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार किसी के सामान की चोरी करना पाप है। उसी प्रकार बिजली चोरी करना भी न केवल पाप है। यह एक दंडनीय अपराध भी है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार व्यक्ति के जीवन के लिए पानी और हवा जरूरी है। उसी प्रकार बिजली भी जरुरी है। इस अवसर पर इस अवसर पर उप मंडल अधिकारी बाबैन वेदप्रकाश गुप्ता, एसडीओ अजराना नरेश कुमार, स्कूल के चेयरमैन अक्षय सैनी, बाबैन के सरपंच विश्वजीत बिंदल, कृष्ण सैनी हमीदपुर, करनैल सिंह जेई, फूल सिंह आदि उपस्थित थे।