आवर्धन नहर में तैरता मिला लापता छात्र का शव
- गांव हिनौरी निवासी विषलेश 10वीं कक्षा का था छात्र
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा। पिछले चार दिन से लापता 14 वर्षीय एक बच्चे का शव शनिवार को इंद्री जिला करनाल स्थित आवर्धन नहर में तैरता पाया गया। इंद्री पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंची लाडवा पुलिस व बच्चे के परिजनों ने उसकी शिनाख्त विषलेश के रूप में की।
विषलेश पुत्र कवरपाल गुर्जर निवासी गांव हिनौरी दसवीं कक्षा का छात्र था और लाडवा के ही जनता हाईस्कूल में पढ़ता था। विषलेश 13 जुलाई को अपने घर से स्कूल में पढ़ने के लिए गया था, लेकिन न तो स्कूल ही पहुंचा और न ही वापस घर पहुंचा। पूरा दिन खोजबीन करने के बाद विषलेश के परिजनों ने 14 सितंबर को थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। शनिवार को इंद्री की आवर्धन नहर में एक बच्चे शव तैरता पाए जाने की सूचना किसी व्यक्ति ने इंद्री पुलिस को दी। इंद्री थाना से मिली सूचना के बाद लाडवा पुलिस ने विषलेश के परिजनों के साथ मौके पर जाकर उसकी शिनाख्त की। बताया जाता है कि उसके पिता कंवरपाल जनता स्कूल में विषलेश की फीस देने के लिए 13 सितंबर को गए थे लेकिन स्कूल में विषलेश नहीं मिला। फीस देकर लौटते हुए उसके पिता को विषलेश बाजार में घूमता मिला तो उन्होंने उसे डांट दिया। माना जा रहा है कि डांट से क्षुब्ध होकर विषलेश घर नहीं गया और गांव के रास्ते में पड़ने वाली हिनौरी आवर्धन नहर में कूद गया।