बाबैन। ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर लगने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर ट्राली चालक घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और फरार ट्रैक्टर ट्राली के चालक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। गांव बतौली वासी गुरचरण सिंह पुत्र रतीराम ने बताया कि जब उसका भतीजा रमेश कुमार पुत्र जोगिंद्र सिंह निजी काम से अपनी बाइक पर सवार होकर जा रहा था। इस दौरान रास्ते में एक ट्रैक्टर ट्राली चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए रामशरण माजरा के निकट बाइक में सीधी टक्कर मारी और घटनास्थल से फरार हो गया। बताया गया है कि युवक ने हेलमेट पहना हुआ था।
देसी पिस्तौल व जिंदा कारतूस सहित दो युवक काबू
कुरुक्षेत्र। पुलिस ने दो युवकों को अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पुलिस प्रवक्ता ने दी। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र नये बस अड्डे के निकट पुलिस ने एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक का नाम राजन कुमार बताया गया है। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल व 9 एमएम के जिंदा कारतूस बरामद किये हैं। इधर गांव रामशरण माजरा से सलिंद्र उर्फ संजू पुत्र सुंदर लाल वासी पपतौला जिला अंबाला वासी को एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है।
गांव सिंगपुरा से ट्रांसफार्मर चोरी
कुरुक्षेत्र। पुलिस ने थाना सदर थानेसर के अंतर्गत गांव खानपुर में खेतों से 16 केवी के एक ट्रांसफार्मर से सामान चोरी का मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई बिजली निगम पिपली के एसडीओ सोमबीर सिंह के बयान पर हुई है। उन्होंने शिकायत की है कि 20 जून रात को सिंगपुरा गांव वासी राजेंद्र सिंह पुत्र ओम प्रकाश के खेतों से 16 केवी के ट्रांसफार्मरों से सामान चोरी कर ले गये। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।