अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। समय पर परीक्षा व परिणाम से लेकर स्थानीय स्तर की 12 मांगों के लिए श्री कृष्णा राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा 15 दिन से किए गए आंदोलन के आगे आखिरकार कॉलेज व आयुष विश्वविद्यालय प्रशासन झुक गया। वीरवार को न केवल कॉलेज प्राचार्या व विश्वविद्यालय कुलपति ने उन्हें हर मांग पूरी करने व कराने का लिखित में आश्वासन दिया बल्कि प्राचार्या ने जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। इसके साथ ही इतने दिनों से कॉलेज में ठप रही पढ़ाई भी सुचारू हुई तो कॉलेज व विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी बड़ी राहत की सांस ली। प्रशासन ने यह निर्णय तब लिया जब इतने दिनों तक कॉलेज में इन विद्यार्थियों की पढ़ाई पूरी तरह से ठप रही तो कॉलेज एवं विश्वविद्यालय प्रशासन की पूरी तरह से किरकरी भी हुई। यहां तक कि विद्यार्थियों के आंदोलन में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के कार्यकर्ताओं से लेकर सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी विद्यार्थियों की मांगों को जायज करार देते हुए कॉलेज प्रशासन को जमकर घेरा और इस दौरान विद्यार्थियों ने कॉलेज प्राचार्या व विश्वविद्यालय कुलपति कार्यालय पर भी रोष जताया। वीरवार सुबह आंदोलन कर रहे कॉलेज के बीएएमएस एवं बी-फार्मा के विद्यार्थियों ने कुलपति डॉ. बलदेव कुमार के साथ पहले बैठक की, जिसमें उन्हें सभी मांगों को पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया। इन मांगों पर कॉलेज प्राचार्या व विश्वविद्यालय कुलपति द्वारा अलग-अलग मोहर के साथ हस्ताक्षर किए गए और यह पत्र दिन भर विद्यार्थियों के मोबाईल में व्हटसएप पर घुमता रहा। बैठक के बाद प्राचार्या डॉ. ऊषा दत्त, उप प्राचार्य डॉ देवेंद्र खुराना ने विद्यार्थियों को जूस पीलाकर हडताल समाप्त करवाई जबकि मांगें पूरी होने पर विद्यार्थी खिल उठे। इनमें सभी कक्षाओं का परीक्षा परिणाम घोषित करना, परीक्षाओं की डेटशीट जारी करना तथा उनका वार्षिक कैलेंडर जारी करना शामिल था। बैठक में उपस्थित अमित वर्मा, अक्षय गर्ग, अमित श्योराण, मनीष, रजत, प्रीती, बीटू खंना, सोनू सहित अनेक विद्यार्थियों ने कुलपति का आभार व्यक्त किया। इस दौरान कुलसचिव डॉ. कृष्ण कुमार जटियान, प्रो. अनिल शर्मा, डॉ. अशोक राणा सहित अनेक प्राध्यापक एवं कॉलेज प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।
विद्यार्थियों की मान ली गई सभी मांगे : कुलपति
कुलपति डॉ. बलदेव ने बताया कि पहले दिन ही विद्यार्थियों की 12 मांगों में से 9 मांगों को स्वीकार कर लिया गया था तो 3 मांगों को लेकर वे हड़ताल पर चले गए थे। ये सभी मांगे पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय रोहतक से संबंधित थी। इन मांगों को भी गत देर रात्री बातचीत के बाद हल करवा दिया गया। इन मांगों पर पीजीआईएमएस विश्वविद्यालय ने परीक्षा परिणाम, डेटशीट के साथ वार्षिक कैलेंडर भी विद्यार्थियों की सुविधानुसार जारी कर दिया है। इसके अलावा बढ़ी हुई इंटर्नशिप राशि को बजट की उपलब्धता के साथ जारी कर दिया जाएगा, एससी व बीसी छात्रवृति से संबंधित सभी आवेदनों को ऑनलाइन सत्यापित कर तुरंत भुगतान करना तथा विद्यार्थियों के फंड की स्थिति के लिए 4 छात्रों की कमेटी बनाने मांग पहले ही मान ली गई थी। इसके साथ ही कॉलेज में जनरेटर लगाने का प्रस्ताव सरकार द्वारा स्वीकार कर लिया गया है तथा महाविद्यालय को हॉट लाईन से जोडने का प्रस्ताव भी सरकार के विचाराधीन है। कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय के पूरे प्रांगण को वाई-फाई लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है, जिसके चलते शीघ्र ही इसकी सेवाए शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही खेल के मैदान की सफाई का कार्य पूरा करवा दिया है तथा डॉ. प्रेमचंद मंगल को खेल का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है, जोकि आगामी खेल व्यवस्था देखेंगे। विद्यार्थियों की मांग पर कॉलेज के मध्य से जा रही सडक पर बैरियर, गार्डस व सौंदर्यकरण के साथ पगडंडी बनाने हेतु प्रशासन की अनुमति मिलते ही कार्य पूरा करवा दिया जाएगा।