ग्रामीणों ने कालीरोणों के सरपंच पर लगाए परेशान करने के आरोप, जताया रोष
अमर उजाला ब्यूरो
बाबैन। गांव कालीरोणों में ग्रामीणों ने गांव की सरपंच सीमा देवी व उसके भाईयों पर सरपंच पद का दुरुपयोग कर उन्हें परेशान करने और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी बाबैन को भेजी शिकायतों में सरपंच सीमा देवी व उसके भाईयों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के अलावा उनके हितों की रक्षा करने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके पूर्वज पिछले काफी सालों से गांव में बसे हुए हैं और मेहनत मजदूरी का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने गांव की आबादी देह में अपने मकान व पशुओं के लिए बाड़े भी बनाए हुए हैं जिनमें रह कर वे अपना गुजारा चला रहे है। गांव के कृष्ण कुमार, ऋषि पाल, उर्मिला, सुमन देवी, सोनू, रजनी, महेंद्र सिंह, शकुंतला, विद्या देवी आदि ने आरोप लगाया कि पंचायत जबरदस्ती पंचायती दीवार बना कर उन्हें इस जमीन से बेदखल करना चाहते है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने शांतिपूर्वक सरपंच के घर जाकर उनसे ऐसा न करने के लिए गुहार लगाई तो उल्टा सरपंच व उसके भाईयों ने उनकी फरियाद सुनने की बजाए उनकी बात सुनने से इंकार कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने पंचायत की जोर जबरदस्ती के खिलाफ माननीय न्यायालय का द्वार खटखटाया जहां पर न्यायालय द्वारा पंचायत तलब करने पर सरपंच के भाई कुलदीप सिंह ने न्यायालय में लिख कर दे दिया कि ग्राम पंचायत विवादित भूमि पर कोई निर्माण कार्य नहीं करेगी। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कुरुक्षेत्र व थाना प्रभारी बाबैन से रक्षा करने की मांग की है।
पंचायती जमीन पर ही किया जाएगा निर्माण, आरोप बेबुनियाद : कुलदीप सिंह
गांव की सरपंच सीमा देवी के भाई कुलदीप सिंह का कहना है कि कुछ लोग गांव का विकास नहीं होने देना चाहते हैं और जानबूझ कर विकास कार्यों में रोड़ा अटका कर गांव के विकास कार्यों को बाधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपरोक्त व्यक्तियों ने पंचायत की जमीन के अलावा सबमर्सिबल नलके पर भी अवैध कब्जा कर लिया है, जिसको हटवाने के लिए पंचायत ने कानूनी प्रक्रिया शुरू कर नोटिस दिये गए थे जिससे कुछ लोग खफा हो गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत किसी की जमीन पर कोई अवैध कब्जा नहीं करेगी और पंचायत की जमीन पर ही निर्माण कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सबकी सहमति से बाल्मीकि बस्ती के गंदे पानी की निकासी के लिए जोहड़ बनाने के लिए एक साल पहले दीवार बनाई गई थी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग गांव की पार्टीबाजी के चलते गरीब लोगों को उकसा कर सरपंच के खिलाफ झूठी बयानबाजी व दरखास्त बाजी कर रहे है जिसमें कोई सच्चाई नहीं है।