अब एक ही दिन नहीं होगी यूजीसी नेट और केयू बीएड की परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। बीएड की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। जहां केयू व यूजीसी द्वारा एक ही दिन दोनों परीक्षा का आयोजन किए जाने से सैकड़ों विद्यार्थियों की नींद उड़ गई थी, वहीं केयू ने यूजीसी नेट परीक्षा देखकर बीएड की डेटसीट में बदलाव कर दिया गया है। बता दें कि केयू द्वारा 4 जून को अपडेट की गई डेटसीट में 8 जुलाई को बीएड की परीक्षा निर्धारित की गई थी। वहीं यूजीसी द्वारा नेट की परीक्षा भी उसी दिन निर्धारित कर दी गई थी। जिसके चलते विद्यार्थियों में खलबली मच गई। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों ने कुलपति कार्यालय में लिखित में शिकायत दी। जिस पर विचार करने के बाद केयू प्रशासन ने बीएड की परीक्षा 13 जुलाई को लेने का निर्णय लिया है।