अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा।
दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर में दोनों ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए और ट्रक चालकों को मामूली चोटें आई है। ट्रकों की टक्कर से सड़क पर दोनों तरफ जाम लग गया। लाडवा पुलिस ने मशक्कत के बाद करीब एक घंटे बाद जाम को खुलवाया।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार लाडवा-इंद्री मार्ग पर गांव लाठी धनौरा के नजदीक दो ट्रकों की आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर लगने से एक ट्रक सड़क के किनारे खदानों में पलट गया तथा दूसरा ट्रक क्षतिग्रस्त होकर सड़क के बीचोंबीच आ गया। देखते ही देखते सडक़ के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। एक ट्रक चालक पवन ने बताया कि वह बागपथ से यमुनानगर की ओर जा रहा था कि एक ट्रक लाडवा की ओर से तेजी से चला आ रहा था गांव लाठीधनौरा के नजदीक उस ट्रक ने मेरे ट्रक में आमने-सामने की टक्कर मार दी, जिसमें उसको मामूली चोटें आई है तथा उसका ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया है। दूसरा ट्रक चालक अपने पलटे हुए ट्रक को खदान में छोड़कर फरार हो गया। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था।