कुरुक्षेत्र। जिले के किसानों के खातों में गेहूं खरीद के 1307 करोड़ 17 लाख 64 हजार 508 रुपये 8 मई तक भेजे जा चुके हैं। सरकार के निर्देशानुसार उठान के 48 घंटे में किसानों के खाते में पेमेंट भेजी जा रही है। उठान के अनुसार 98 प्रतिशत गेहूं का पैसा किसानों के खाते में पहुंच चुका है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिले की अनाज मंडियों में फूड सप्लाई व आपूर्ति विभाग, हैफेड व हरियाणा वेयरहाउस की ओर से खरीद की जा रही है। अब तक जिले में 514752 एमटी गेहूं का उठान हो चुका है। साथ-साथ किसानों के खातों में 1307 करोड़ 17 लाख 64 हजार 508 रुपये भेजे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि फूड सप्लाई एवं आपूर्ति विभाग की ओर से 348676 एमटी गेहूं का उठान हो चुका है और 882 करोड़ 51 लाख, 69 हजार 700 रुपये किसानों को भेजे जा चुके हैं। हैफेड की ओर से 154032 एमटी गेहूं का उठान हो चुका है और 394 करोड़ 66 लाख 43 हजार 580 रुपये किसानों को भेजे जा चुके हैं। इसी तरह हरियाणा वेयर हाउस 12050 एमटी गेहूं की खरीद की गई है। इसमें से 12050 एमटी गेहूं का उठान और 29 करोड़ 99 लाख 51 हजार 228 रुपये किसानों को भेजे जा चुके हैं।