आंधी और बारिश के बाद जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं फसलों के लिए भी यह बारिश लाभकारी बताई जा रही है। जबकि आंधी-तूफान में 130 पोल और 41 ट्रांसफार्मर धराशायी हो गए। इससे शहर से देहात तक बिजली व्यवस्था चरमरा गई। सोमवार की देर शाम तक बिजली निगम के कर्मी विभिन्न इलाकों में बिजली आपूर्ति सुचारु करने में लगे रहे। वहीं सोमवार की सुबह तीन से छह बजे तक हुई 29 एमएम बारिश से शहर की कई सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे क्षेत्रवासियों को दो-चार होना पड़ा।
गर्मी की तपिश झेल रहे लोगों के लिए सोमवार की सुबह राहत भरी रही। झमाझम बारिश के बीच लोगों की नींद खुली तो उन्हें एसी और कूलर बंद करने पड़े। वहीं करीब तीन घंटे की बारिश ने मानसून को लेकर की जा रही तैयारियों की भी पोल खोलकर रख दी। इस दौरान शहर के पिपली अनाज मंडी के मुख्य द्वार पर, सेक्टर-10 के ताज पार्क में, अग्रसेन चौक के पास, थानेसर बाजार, अंकुर नर्सिंग होम वाली गली, सेक्टर-13 बीएसएनएल एक्सचेंज के पास, कोर्ट की ओर जाने वाला रास्ता, लघु सचिवालय परिसर, एसडीएम कार्यालय के पास, पुराना बस अड्डा बाहर, निरंकारी भवन के सामने, झांसा रोड, पटियाला बैंक कॉलोनी, नए बस अड्डे के बाहर, सुभाष मंडी, शांति नगर, पुराना बाईपास, शास्त्री मार्केट के पास, डीडी कॉलोनी सहित अधिकतर जगहों पर पानी भर गया। श्रद्धानंद चौक के पास पानी भर जाने से घंटों जाम की स्थिति बनी रही। यह स्थिति तब है जबकि चार दिन पहले उपायुक्त ने खुद निरीक्षण कर मानसून से पहले बेहतर तैयारियों के निर्देश दिए थे। जबकि दो दिन पहले विधायक भी इस संदर्भ में अधिकारियों की बैठक ले चुके हैं। बावजूद इसके संबंधित विभागों ने इस दिशा में कोई भी काम शुरू नहीं किया है, जिसका खामियाजा मानसून में भी शहरवासियों को भुगतना पड़ेगा। दूसरी ओर आंधी बारिश के दौरान शहर के अधिकतर इलाकों की बत्ती गुल रही। कहीं बिजली के खंभे जमीदोज हो गए तो कहीं तारों पर पेड़ गिर गए, जिसे सुचारु करने में बिजली निगम के अधिकारियों के पसीने छूट गए।
बारिश से फसलों को लाभ
कृषि विशेषज्ञ डॉ. सीबी सिंह का कहना है कि इस बारिश से फसलों को काफी लाभ पहुंचेगा। फसलों की रुकी हुई ग्रोथ चल पड़ेगी। वहीं बेल वाली सब्जी की फसलों के लिए तो यह बारिश अमृत समान है।
सबसे ज्यादा पिहोवा में टूटे पोल और ट्रांसफार्मर
--------------------------------------------------
बिजली निगम की रिपोर्ट के अनुसार आंधी तूफान से सबसे ज्यादा नुकसान पिहोवा में हुआ है। यहां रात के समय 78 पोल और 37 ट्रांसफार्मर टूटे। वहीं शाहाबाद डिवीजन में 27 पोल और तीन ट्रांसफार्मर व कुरुक्षेत्र में 25 पोल और एक ट्रांसफार्मर टूटा है। अधिकारियों के अनुसार इससे बिजली निगम को 50 लाख रुपये से अधिक की चपत लगी है। उन्होंने बताया कि प्राथमिकता के आधार रिहायशी क्षेत्रों की बिजली को ठीक किया गया। वहीं अन्य क्षेत्रों में बिजली ठीक करने के लिए शाम तक प्रयास जारी रहे।
सबसे ज्यादा पिहोवा और सबसे कम बाबैन में हुई बारिश
----------------------------------------
मौसम विभाग अनुसार सबसे ज्यादा बारिश पिहोवा में 42 एमएम हुई है। दूसरे नंबर पर शाहाबाद में 40 एमएम, थानेसर में 29, लाडवा में 26, इस्माईलाबाद में 24 और सबसे कम बाबैन में 19 एमएम दर्ज की गई। वहीं जिले में औसतन 29 एमएम बारिश हुई।
आज भी बारिश की संभावना
---------------------------------------------
मौसम विभाग अनुसार मंगलवार को बारिश होने की 70 प्रतिशत संभावना है, जिसके चलते अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 23 डिग्री दर्ज किया जाएगा। वहीं बुधवार को भी हल्के बादल छा सकते हैं।