कुरुक्षेत्र। संस्था फीनिक्स क्लब द्वारा पंचायत भवन में गुरु गौरव सम्मान कार्यक्रम के दौरान मौजू
कुरुक्षेत्र। सामाजिक संस्था फीनिक्स क्लब की ओर से पंचायत भवन में गुरु गौरव सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उल्लेखनीय भूमिका निभा रहे 125 शिक्षकों और प्राचार्यों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सुभाष सुधा और विशिष्ट अतिथि जिला परिषद के वाइस चेयरमैन धर्मपाल चौधरी डीपी रहे। मुख्य वक्ता जिला कार्यवाह आरएसएस संजय कौशिक शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ने की।
सुभाष सुधा ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र के निर्माता हैं। उन्हीं की बदौलत आज समाज के हर क्षेत्र में उनके विद्यार्थी बतौर नेता, अधिकारी, उद्योगपति अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करें। विशिष्ट अतिथि धर्मपाल चौधरी डीपी ने सभी शिक्षकों को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य में अपनी अहम भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। मुख्य वक्ता संजय कौशिक ने समाज परिवर्तन में शिक्षक की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ने सभी शिक्षकों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें बधाई भी दी।
इस मौके पर फीनिक्स क्लब के प्रधान डॉ. राजेश वाधवा, सचिव अंशुल जसूजा, कोषाध्यक्ष मनोज परूथी, सोनिका वधवा, आशी जसूजा, गुरसेवक सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।