कुरुक्षेत्र। लाेकसभा चुनाव को लेकर हर वर्ग के मतदाताओं में उत्साह है। जहां नए मतदाताओं को स्कूल, कॉलेज व संस्थानों में पहली बार वोट डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, वहीं चुनाव आयोग द्वारा 85 साल से अधिक आयु वाले मतदाताओं और दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। आयोग द्वारा दिव्यांग मतदाताओं के लिए चुनावों से संबंधित जानकारी के लिए सक्षम ऐप बनाया है, जिस पर जाकर चुनाव संबंधी जानकारी मतदाता ले सकते हैं। खास बात यह है कि कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में आठ मतदाता 110 से 119 वर्ष के बीच हैं, जिसमें चार पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं।
बुजुर्ग लाेकतंत्र के उत्सव में युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनेंगे और प्रत्याशी चुनने में कीमती मतदान करेंगे। इसके लिए प्रशासनिक तौर पर आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। कुरुक्षेत्र लोकसभा में नौ विधानसभा क्षेत्र आते हैं, जिसमें 100 से अधिक आयु के 1226 मतदाता हैं, जिसमें सबसे ज्यादा 680 मतदाता धर्मनगरी के चार विधानसभाओं में हैं तो वहीं कैथल के चार विधानसभा क्षेत्रों में 420 मतदाता हैं। यमुनानगर के एकमात्र विधानसभा क्षेत्र में 125 मतदाता 100 से अधिक आयु के हैं।
थानेसर विधानसभा क्षेत्र में ही 100 से 109 वर्ष की आयु के बीच 69 पुरुष और 75 महिलाएं मतदाता हैं तो 110 से 119 वर्ष आयु के चार महिला और चार पुरुष मतदाता हैं। इनमें बगथला गांव में एक, समसपुर में एक और थानेसर में दो पुरुष हैं, जबकि समसपुर में महिला मतदाता एक और तीन थानेसर शहर में हैं।
दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए केंद्रों पर होगी खास व्यवस्था
चुनाव आयोग द्वारा जारी की गई सूचना के मुताबिक दिव्यांग तथा 85 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाताओं की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए मतदान केंद्रों पर पोलिंग स्टेशनों पर रैंप, व्हील चेयर, लाने व ले जाने की व्यवस्था, मेडिकल किट इत्यादि की व्यवस्था करने के साथ-साथ एनसीसी एवं एनएसएस के स्वयंसेवकों को उनकी सहायता के लिए तैनात किया जाएगा।