कुरुक्षेत्र/पिहोवा। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा में कुरुक्षेत्र के दो किशोरों ने टॉप- 100 सूची में स्थान बनाया। इसमें सेक्टर तीन निवासी विक्रम ग्रेवाल ने 51 वीं रैंक हासिल की जबकि पिहोवा के ध्रुव मित्तल ने
99वां रैंक हासिल करने में सफलता पाई। इन दोनों की जड़े धर्मनगरी से जुड़ी हुई हैं हालांकि अब ये अपने परिवार के साथ दोनों अलग-अलग शहर में रहते हैं।
शहर के सेक्टर तीन निवासी ईश्वर ग्रेवाल के पौत्र विक्रम ग्रेवाल अपने ब्रिगेडियर पिता कर्णवीर ग्रेवाल व आर्मी स्कूल में शिक्षिका मां ममता रानी के साथ दिल्ली में रहते हैं। लेकिन उनके दादा ईश्वर ग्रेवाल दि कोआपरेटिव बैंक में प्रबंधक निदेशक रह चुके हैं और आज भी यहीं रहते हैं। विक्रम की सफलता पर उनका पूरा परिवार बहुत खुश है। विक्रम ग्रेवाल ने दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज से बैचलर ऑफ आर्ट्स (बीए) की शिक्षा हासिल की है। विक्रम ने बताया कि वे बचपन से ही पढ़ने-लिखने के शौकीन रहे हैं। उन्होंने तीन किताबें भी लिखीं हैं। गायक मोहमद रफी और क्रिकेटर राहुल द्रविड़ के प्रशंसक हैं। उनकी इस कामयाबी में दादा-दादी और माता-पिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विक्रम ने बताया कि यदि उन्हें हरियाणा में सेवा करने का मौका मिला तो वे किसानों की हालत में सुधार करने का प्रयास करेंगे। हरियाणा रोडवेज की बसों के सफर को उन्होंने बेहद सुखद बताया।
वहीं इसी परीक्षा में 99वां रैंक हासिल करने वाले ध्रुव मित्तल का परिवार मूल रूप से पिहोवा के गांव गुलडेहरा के रहने वाला है। ध्रुव के शिक्षक पिता सुरेश मित्तल तबादले की वजह से नरवाना में रहते हैं। ध्रुव के चचेरे भाई एडवोकेट दीपक मित्तल ने बताया कि ध्रुव का जन्म पिहोवा में हुआ है। चाचा का तबादला नरवाना हो गया तो वह माता-पिता के साथ नरवाना चला गया। ध्रुव की मां मंजू मित्तल भी नरवाना के एक निजी स्कूल की प्रिंसिपल हैं। ध्रुव ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन में बीटेक किया है। वो पिछले चार साल से दिल्ली में रहकर यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा था।