कुरुक्षेत्र। दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के नवनियुक्त प्रधान मनजिंदर सिंह सिरसा को सिरोपा भेंट कर शिरोमणि अकाली दल हरियाणा ने बधाई दी। प्रतिनिधिमंडल ने मनजिंदर सिंह सिरसा को प्रधान बनाए जाने पर शिअद के सरपरस्त प्रकाश सिंह बादल और राष्ट्रीय प्रधान सुखबीर सिंह बादल का भी आभार जताया।
शिअद हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष शरणजीत सिंह सोथा ने कहा कि मनजिंदर सिंह सिरसा ने हमेशा सिख पंथ की उन्नति के लिए कार्य किया है। सिखों पर हुए अत्याचार के खिलाफ भी उन्होंने आवाज को बुलंद किया है। इसी के परिणामस्वरूप उन्हें यह उत्तरदायित्व सौंपा गया। साल 1984 के दिल्ली सिख नरसंहार के मामले में दोषियों को सजा दिलाने के लिए उन्होंने आवाज बुलंद की थी, जिसके चलते कांग्रेसी वरिष्ठ नेता सज्जन कुमार जेल में हैं।
पार्टी महिला विंग की राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्या बीबी करतार कौर ने कहा कि ऐसी हस्ती का दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान बनना, निश्चित रूप से पंथ के लिए अच्छा है। शपथ समारोह के बाद दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के नवनियुक्त प्रधान एवं विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा का धर्मनगरी में कार्यक्रम कर भव्य अभिनंदन किया जाएगा।