संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। शिक्षा विभाग की ओर से रविवार को राष्ट्रीय मीन्स कम मेरिट छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा कराई गई। शहर के विभिन्न स्कूलों में बनाए गए पांच परीक्षा केंद्रों पर 1207 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के लिए जिलेभर से 1347 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जबकि 1040 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा में नकल रोकने के लिए बोर्ड व जिला शिक्षा अधिकारी की फ्लाइंग ने सभी सेंटरों पर निरीक्षण किया। राष्ट्रीय मीन्स कम मेरिट छात्रवृत्ति की परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की गई। शिक्षा विभाग ने राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थानेसर में दो, गुरु नानक पब्लिक स्कूल, एसएमबी गीता स्कूल और गीता कन्या विद्यालय में एक-एक परीक्षा केंद्र बनाया था। परीक्षा के मद्देनजर भिवानी बोर्ड की ओर से स्कूलों में पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए थे। परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड की जांच व फोटो का मिलान करके ही सेंटर में प्रवेश दिया गया।
नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप परीक्षा के लिए 180 अंकों की सेट और मेट की परीक्षा ली गई। सेट की परीक्षा में 35-35 अंकों की साइंस व सोशल साइंस विषय से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जबकि 20 अंकों की गणित विषय से संबंधित परीक्षा हुई।
प्रतिभाशाली छात्रों को मिलेगी 12 हजार की सालाना मदद : अरुण आश्री
जिला शिक्षा अधिकारी अरुण आश्री ने बताया कि परीक्षा में सफल छात्रों को कक्षा नौवीं से लेकर कक्षा 12वीं तक छात्रवृत्ति के रूप में आर्थिक मदद दी जाती है। इस छात्रवृत्ति के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली छात्रों को 12 हजार रुपये की सालाना आर्थिक मदद दी जाएगी। बताया कि पूरे प्रदेश से टॉप 100 बच्चों का चयन किया जाएगा।