कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के श्रीमद्भगवद् गीता सदन में 18 फरवरी को 34वें दीक्षांत समारोह का आयोजन होगा, जिसमें 2023-24 सत्र के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएगी। समारोह की तैयारी को लेकर कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के निर्देशानुसार विभिन्न कमेटियों का गठन कर अहम दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने बताया कि इस समारोह में यूजी के 1186, पीजी के 1773 और पीएचडी के 205 शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। 107 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और मेरिट प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 28 जनवरी को हुई एकेडमिक काउंसिल की बैठक में काउंसिल द्वारा कुलपति को अधिकार दिया गया था कि वे 34वें दीक्षांत समारोह में दो महान विभूतियों का चयन कर उन्हें मानद उपाधि से सम्मानित करेंगे। अभी चर्चा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को मानद उपाधि प्रदान की जाएगी।
लोक संपर्क के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि दीक्षांत समारोह को सफल बनाने के लिए पंजीकृत विद्यार्थियों द्वारा 17 फरवरी 2025 को होने वाली रिहर्सल में भाग लेना अनिवार्य है। यदि पंजीकृत विद्यार्थी इस रिहर्सल में भाग नहीं लेगा तो उसे 18 फरवरी को होने वाले दीक्षांत समारोह में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इससे संबंधित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। विद्यार्थियों को वेबसाइट पर दिए गए कोनवोकेशन-2025 लिंक पर क्लिक कर ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा।
समारोह में छात्र-छात्राओं के लिए निर्धारित किया ड्रेस कोड
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने बताया कि 18 फरवरी को होने वाले 34वें दीक्षांत समारोह में छात्रों के लिए सफेद कुर्ता, कमीज, सफेद ट्राउजर, सफेद धोती, पायजामा, सिख होने पर सफेद पगड़ी रखा गया है। छात्राओं के लिए क्रीम साड़ी या सफेद रंग की ड्रेस रखी गई है। पंजीकृत विद्यार्थियों को स्टॉल संबंधित विभाग या संस्थान द्वारा उपलब्ध करवाए जाएंगे।
बिना पहचान पत्र नहीं मिलेगा प्रवेश
सुरक्षा अधिकारी प्रो. अनिल गुप्ता ने बताया कि 34वें दीक्षांत समारोह में बिना निमंत्रण कार्ड, आईडीकार्ड, ड्यूटी पास के श्रीमद्भगवद् गीता सदन में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आईडी कार्ड संबंधित विभागों द्वारा नियमानुसार जारी कर दिए जाएंगे।