लाडवा। हनुमान जी का 72वां वार्षिक मेला मंगलवार को धूमधाम के साथ शुरू हो गया। साध्वी देवी सुदीक्षा सरस्वती एवं कांग्रेस युवा नेता संदीप गर्ग ने हनुमान जी की ध्वजा का आरोहण कर मेले का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के बाद झंडा गीत गाकर मेले की विधिवत शुरूआत हुई। मेला शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने हनुमान जी के दर्शन किए।
श्रद्धालुओं ने सिंदूर, झंडा एवं लाल लंगोट आराध्य को अर्पण किया। मंदिर में हनुमान जी के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समाजसेवी संस्थाओं ने पेयजल, जूता स्टाल एवं प्राथमिक चिकित्सा का प्रबंध किया। वहीं कई लोगों ने प्रसाद एवं भंडारे भी दिए। मेला शुभारंभ के बाद संत सुदीक्षा सरस्वती ने कहा कि हनुमान जी भक्ति एवं सेवा भाव का संगम हैं। शुभारंभ पर पूर्व विधायक रमेश गुप्ता, सुनील गर्ग, विश्वेंद्रनाथ शर्मा, बलदेवराज अरोड़ा, डॉ. जयकिशन आर्य, जितेंद्रनाथ, रमेश बंसल, प्रदीप गर्ग, फकीरचंद गुप्ता, महेशकांत गोसांई, रामगोपाल गुप्ता, नीरज गर्ग तथा वेदप्रकाश सिंघल सहित अन्य मौजूद रहे।