राजेश शांडिल्य
कुरुक्षेत्र।
दो जीवन समाप्त करने से पहले सुसाइड नोट जो लिखा, उसमें मीना और जगतपाल की मौत के लिए बड़ा कारण हरियाणा के कई इलाकों में चल रही आंटा-सांटा प्रथा जिम्मेदार है। हालांकि जिन क्षेत्रों और समुदायों में यह प्रथा जारी है, वहां बड़ा कारण पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की कम संख्या को भी बताया जाता है। बहरहाल जगतपाल और मीना के सुसाइड मामले में क्या यही मुख्य वजह थी, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
आत्महत्या के बाद मंगलवार को कुरुक्षेत्र के जिस निजी होटल से प्रेमी युगल के शव बरामद किए गए हैं, पुलिस ने उसी होटल के कमरे में जगतपाल द्वारा लिखा कई पेज का सुसाइड नोट भी बरामद किया है। इस सुसाइड नोट में जो लिखा है, उससे साफ है कि जगतपाल ने इसमें आंटा-सांटा की प्रथा को टारगेट किया है। हालांकि सुसाइड नोट में इस प्रथा को बदले की प्रथा लिखा है। साथ ही युवाओं सी अपील की कि वे इस प्रथा में न फंसे।
बता दें कि आज भी हरियाणा में के क्षेत्रों में यदि किसी वर को वधू चाहिए तो उसे बदले में पत्नी पक्ष के किसी लड़के से अपनी बहन का विवाह करना जरूरी हो जाता है। जयपुर यूनिवर्सिटी से बीएससी तक पढ़ाई कर चुका जगतपाल पैथ लैब टेक्नीशियन था। जगतपाल केयू से एमए कर रही छात्रा मीना से विवाह करना चाहता था। पता चला है कि मीना का रिश्ता उसके भाई के साले के साथ उसकी मर्जी के खिलाफ तय कर दिया गया था। इसी के विरोध स्वरूप इन्होंने कुरुक्षेत्र के एक होटल में एक साथ अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। हालांकि मौत को गले लगाने से पहले जगतपाल ने लिखा कि बदले की प्रथा बंद होनी चाहिए, हमारे परिवार और समाज को इस बंधन से ऊपर उठना होगा। उसने यह भी लिखा कि वह युवाओं से उम्मीद करता है कि कोई भी भाई अपनी बहन के बदले में शादी न करे।
मोचीवाला गांव के पूर्व सरपंच का भतीजा है जगतपाल
24 वर्षीय जगतपाल पुत्र हनुमान सिंह गांव मोचीवाली (फतेहाबाद) के पूर्व सरपंच सूरजपाल का भतीजा बताया गया है। व्हाट्सएप मैसेज देखने के बाद परिवार एवं गांव के लोग कुरुक्षेत्र पहुंचे थे। परिवार के सदस्य इस घटना से गहरे सदमें में है। मृतक के भाई ने बताया कि जगतपाल रविवार को सुबह सात बजे चंडीगढ़ जाने की बात कह कर घर से निकला था।
केयू द्वारा जारी आईडी से हुई युवती की पहचान
26 वर्षीया जींद के गांव खरड़वाल वासी केयू की छात्रा मीना नैन पुत्री सूरजमल नैन ने जहरीली दवा खाकर आत्महत्या की है। रूम नंबर-107 के हालात बताते हैं कि यह जहरीली दवा निगलने के बाद उसे कई बार उल्टी लगी थी, क्योंकि कमरे में बेड से बाथरुम ऐसे हालात देखे गए हैं। होटल के रूम में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी द्वारा जारी किया गया छात्रा का पहचान पत्र भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
प्रेमिका की चुन्नी से लगाया फंदा
जगतपाल ने सुसाइड से पहले ब्लैग डाग की व्हिसकी पी थी, शराब पीने का जिक्र उसने अपने सुसाइड नोट में भी किया है। ड्रिंक और डिनर के बाद जगतपाल ने होटल के कमरे में कुर्सी पर चढ़कर लड़की की चुन्नी से पंखे में फंदा लगाया और आत्महत्या कर ली। जगतपाल हिसार की जैक पैथ लैब में पिछले कई तीन वर्षों से टेक्नीशियन था। परिवार के सदस्यों के मुताबिक उसने जयपुर यूनिवर्सिटी से बीएससी की थी।
थाना प्रभारी की प्रतिक्रिया
थाना सिटी के एसएचओ प्रतीक कुमार ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। युवक और युवती दोनों एक ही जाति के हैं। यह दोनों मोटर साइकिल पर होटल में आए थे। होटल में कमरा बुक कराते जो रजिस्ट्रेशन किया गया था, उसमें दोनों ने अपनी आईडी के रुप में आधार कार्ड दिया था, दोनों ने अपना संबंध दोस्त के रुप में लिखवाया था और कुरुक्षेत्र में घूमने के लिए आए हैं यह जानकारी दी थी। थाना प्रभारी के मुताबिक पुलिस युवक की मोटर साइकिल व रुम में बरामद सामग्री कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं सीन आफ क्राइम की टीम ने रूम से नमूने लेकर जांच शुरू कर दी है।
सुसाइड नोट के मुख्य अंश
- मैं मरना चाहता हूं, बदले की प्रथा बंद हो, जात-पात के बंधन से ऊपर उठें हमारा परिवार, हमारा समाज।
- मैं यूथ से उम्मीद करता हूं कि कोई भी भाई अपनी बहन के बदले में (बदले की प्रथा) शादी नहीं करे।
- मैं मीना को किसी ओर की होते नहीं देख सकता, क्योंकि मुझे पता है कि वो मुझे...
- मैं उम्मीद करता हूं कि आज के बाद किसी लड़की को बदले की वजह से अपनी जान नहीं देनी पड़ेगी।
- मुझे पता है मैं गुनाह कर रहा हूं लेकिन मैं मजबूर हूं।
- मैं चाहता हूं कि किसी लड़की को मजबूर न किया जाए।
- आज मैने भी पी है, मेरी लाइफ आफ हो रही है।
- हम दोनों एक दूसरे के बिना नहीं रह सकते, लेकिन मर तो सकते हैं।
- भाई कुलदीप आय एम सॉरी।
- प्लीज, तुझे जीना होगा और मां बाप की सेवा करना भाई।
- जगतपाल ने सुसाइड नोट में उन लोगों के नाम भी लिखे हैं, जिनको उसने पैसे दिये थे।