आम आदमी पार्टी ने फूंकी बजट की प्रतियां, नारेबाजी की
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को महाराणा प्रताप चौक पर बजट के विरोध में नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने बजट की प्रतियां भी फूंकी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह हरियाणा के इतिहास का सबसे बेकार बजट हैं। यह कूड़ेदान में डालने लायक है। यह सरकार की जुमलेबाजी को स्पष्ट कर रहा है। इस बजट में धरातल पर कोई कदम नहीं उठाया गया। न ही पिछले साल की योजनाओं पर आज तक कोई काम किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पिछले साल गांवों के विकास के लिए दीनबंधु हरियाणा ग्राम उदय योजना के लिए पांच हजार करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। इसका एक पैसा भी गांव में नहीं दिया गया। पिछले साल मंगल नगर विकास योजना के तहत मौजूदा ढांचे के रखरखाव के लिए एक हजार करोड़ खर्च करने की योजना थी। बाद में इस योजना का नाम छोटू राम के नाम पर रख दिया गया, लेकिन एक साल बाद भी यह फंड खर्च नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पिछले साल के बजट में सरकार ने प्रदेश को पानी दिलवाने के लिए 100 करोड़ रखे थे, लेकिन एसवाईएल पर एक पैसा भी खर्च नहीं किया गया। एसवाईएल के नाम पर राजनीति ही की गई। इस बजट में आंगनबाड़ी वर्करों, युवाओं, बेरोजगारों, छात्रों, किसानों, व्यापारियों, महिलाओं की सुरक्षा, गेस्ट टीचर्स, मजदूर वर्ग, सरपंचों (गांव के विकास), पार्षदों ( शहरों के विकास ) खिलाड़ियों और आम आदमी के लिए कुछ भी नहीं हैं। इसी के चलते वे यह कदम उठाने के लिए मजबूर हुए हैं। प्रदर्शन में यशोदा देवी, सुमित हिंदुस्तानी, ओम सिंह, कृष्ण मराठा, विजय सिंह, मेवासिंह, गोपाल मेहरा, मुनीष सारसा, जीतेंद्र मराठा, प्रमोद कुमार, महिंदर सिंह आदि मौजूद थे।