कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के विद्यार्थियों को जल्द ही 11 मंजिला अत्याधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण छात्रावास मिल सकेगा, इसके लिए एनआईटी प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। एनआईटी में जल्द तैयार होने वाले इस 11 मंजिला छात्रावास और छह मंजिला एक अन्य भवन का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं।
एनआईटी प्रशासन प्रधानमंत्री को दिसंबर में होने वाले दीक्षांत समारोह में मुख्यातिथि बनाने के लिए पत्राचार कर चुका है और पूरी संभावना जताई जा रही है कि इस बार विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री के हाथों ही डिग्रियां मिलेंगी। इसी दौरान एनआईटी प्रशासन उक्त दोनों बड़े प्रोजेक्ट का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री से कराए जाने की तैयारी में है।
एनआईटी में तैयार होने वाले 11 मंजिला छात्रावास में 1800 विद्यार्थी रह सकेंगे। विद्यार्थियों के रहने से लेकर उनके खाने पीने की व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके, इसके लिए एनआईटी प्रशासन की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा एनआईटी में नए कोर्सों में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई के छह मंजिला एक अन्य भवन भी बनाया जाएगा, जो कि कई तरह की सुविधाओं से लैस होगा, जिसमें विद्यार्थियों के लिए लैब से लेकर अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद होंगी।
नए कोर्सों में एमएससी फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथमेटिक्स को शामिल किया गया है। वहीं बीटेक में इंडस्ट्रियल इंटरनेट ऑफ थिंग्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मार्कअप लैंग्वेज के कोर्स करवाए जाएंगे। नए विद्यार्थियों को बेहतर सुविधा मिल सके, इसके लिए एनआईटी प्रशासन की ओर से अहम कदम उठाया जा रहा है।
एनआईटी परिसर में फिलहाल 15 छात्रावास हैं, जिनमें चार महिला छात्रावास शामिल हैं। इन छात्रावासों में करीब पांच हजार विद्यार्थी रह रहे हैं। नए कोर्स बढ़ने के चलते अब नए छात्रावास की जरूरत महसूस की जा रही है। माना जा रहा है कि 11 मंजिला छात्रावास बनने पर पहले के छात्रावासों से विद्यार्थियों को शिफ्ट किया जा सकता है।
संस्थान में बनने वाले 11 मंजिला और छह मंजिला छात्रावास के निर्माण की तैयारियां की जा रही हैं। संस्थान में होने वाले दीक्षांत समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रण भेजा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही स्वीकृति मिलेगी। - प्रो. बीवी रमना रेड्डी, निदेशक एनआईटी।