देशभक्ति के जज्बे से सराबोर सम्मान समारोह में शहीद मनदीप सिंह के परिवार सहित जिला की 11 विभूतियों को अलग-अलग क्षेत्र में सराहनीय कार्यों के लिए कर्मयोगी एक्सीलेंस अवार्ड-2017 से नवाजा गया। सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री के निजी सचिव राजेश गोयल, डीसी सुमेधा कटारिया, आरएसएस के विभाग प्रचारक नरेंद्र, हैफेड सचिव कमलेश कुमार भादू, सिंडीकेट बैंक के डिप्टी जनरल मैनेजर एमएल चावला और हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष सुदेश शर्मा ने संयुक्त रूप से अवॉर्ड के लिए चयनित विभूतियों को सम्मानित किया। मुख्यातिथि राजेश गोयल ने कहा कि समाज के लिए कुछ अच्छा काम करने वाले लोगों को सम्मान देकर प्रणय ने दूसरे लोगों को समाज हित में काम करने की प्रेरणा दी है। इससे दूसरे लोगों के मन में भी इच्छा होगी कि वे समाज के लिए कुछ काम करें। उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने कहा कि जो काम हमें करना चाहिए था वह प्रणय ग्रुप ने किया है। समाज के ऐसे लोगों को सम्मान दिया जाना बहुत जरूरी है, जो अपने नैतिक दायित्व निभाने के साथ-साथ नि:स्वार्थ भाव से समाज की बेहतरी के लिए काम कर रहे हैं। कार्यक्रम में केयू बीएड कॉलेज की प्राचार्या तरुणा सी ढुल्ल को मरणोपरांत शरीर दान व अपनी वसीयत में से 10 प्रतिशत हिस्सा समाज कल्याण में दान देने पर सम्मानित किया गया, जबकि मत्स्य विभाग में कार्यरत व पहला कदम संस्था के संयोजक दिलबाग सिंह गुराया, सार्थक मूक एवं बधिर संस्थान की संचालिका रश्मी कटारिया, दुखभंजन सेवा समिति के प्रधान एमके मौदगिल, तहसीलदार नरेश कुमार गौतम, धर्मक्षेत्र पर आधारित लघु फिल्म बनाने वाले विजय कुमार, महादेव गो शाला संचालक सुरेंद्र गोयल व सरकारी स्कूल के मुख्य अध्यापक पवन मित्तल व रेनू मित्तल को कर्मयोगी अवॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस से नवाजा गया, जबकि गांव अंटहेड़ी के शहीद मंदीप सिंह का मरणोपरांत कर्मयोगी अवॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस उनकी पत्नी प्रेरणा और मां निर्मला ने प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में कुवि बीएड कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रिंसिपल डॉ. डीके जोशी, केडीबी के सदस्य मदन मोहन छाबड़ा, कुवि के प्रोफेसर डॉ. संजीव शर्मा मौजूद रहेंगे।
सारसा स्कूल की छात्राओं की पढ़ाई लिखाई का जिम्मा उठाया
प्रणय ग्रुप के अध्यक्ष संजीव राणा ने कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाली सारसा स्कूल की आठ छात्राओं के सामने आर्थिक चुनौतियों का जिक्र करते हुए कुछ लोगों को उनकी मदद के लिए मंच पर आने का आह्वान किया। मंच से ही दुखभंजन सेवा समिति के प्रधान एमके मौदगिल व महादेव गो शाला संचालक सुरेंद्र गोयल ने छात्राओं की पठन-पाठ्य सामग्री का जिम्मा उठाने की सहमति जताई।
पसरीचा की प्रस्तुति से भावुक हुए दर्शक
भवन विद्यालय चंडीगढ़ में छठी कक्षा की छात्रा प्रिया पसरीचा ने कार्यक्रम में जब, ऐ मेरे वतन के लोगों, जरा आंख में भर लो पानी, गाने पर अपनी प्रस्तुति दी तो वहां मौजूद अंटहेड़ी के शहीद मंदीप सिंह की मां निर्मला व पत्नी प्रेरणा रो पड़े। इस दौरान ऐसा माहौल बना कि आडिटोरियम में बैठे दर्शकों की आंखों से भी आंसू छलक आए। यहां मौजूद हर शख्स ने खड़े होकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। पसरीजा इससे पहले भी पंचकूला में शहीद संदीप, चंडीगढ़ में लेफ्टीनेंट कर्नल विक्रम जीत सिंह और पंचकूला में ही अंबाला शहीद गुरुसेवक के लिए प्रस्तुति दे चुकी है।