कुरुक्षेत्र। प्रदेश पुलिस ने आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए 5 से 20 नवंबर तक ऑपरेशन ट्रैक डाउन चलाया है। इसके तहत जिला पुलिस ने कुल 105 संगठित अपराध, हथियारबंद गैंग, वांछित आरोपियों और नशा तस्करी के आरोपियों को काबू किया है। इन आरोपियों में 24 संगीन अपराधों में शामिल थे व दो आरोपी पांच हजार रुपये व एक दो हजार रुपये का इनामी बदमाश शामिल हैं। 58 आरोपी आदतन हैं, जिनकी पुलिस ने अब दोबारा से हिस्ट्रीशीट खोली है।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने बताया कि ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत पुलिस ने इन आरोपियों से चार पिस्तौल, दो मैगजीन और नौ कारतूस भी बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि इस अवधि में तीन ट्रकों से 75.25 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया। अग्रवाल ने बताया कि पांच हजार के इनामी आरोपी राहुल मलिक पर जिले के अलग-अलग थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, लड़ाई-झगड़े और आर्म्स एक्ट में 17 मामले दर्ज हैं।
वहीं दूसरे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी रमन पर कुरुक्षेत्र व करनाल के अलग-अलग थानों में करीब 14 मामले दर्ज हैं। वांछित आरोपी कुलदीप के खिलाफ दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब व हरियाणा के विभिन्न जिलों में चोरी, धोखाधड़ी मारपीट, छीनाझपटी व आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। वांछित आरोपी दीपक के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं। आरोपी रवि उर्फ जोजो पर अलग-अलग जिलों में करीब 24 मामले और अंबाला व करनाल में चोरी, छीनाझपटी व लूट अन्य धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। आरोपी सुखविंद्र उर्फ सुखी के खिलाफ अलग-अलग थानों में 18 मामले दर्ज हैं।
बॉक्स
27 नवंबर तक जारी रहेगा ऑपरेशन ट्रैक डाउन
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने बताया कि जिला पुलिस का लक्ष्य है कि जिले को अपराधमुक्त और भयमुक्त बनाया जाए। इसलिए जिले में ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत 27 नवंबर तक कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में बार-बार अपराध करने वाले आरोपियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने आदतन अपराधियों पर लगातार निगरानी रखने के लिए हिस्ट्रीशीट खोली है। ऐसे अपराधी जो बार-बार चोरी, लूट, झगड़ा या अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाते हैं, उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रत्येक थाना स्तर पर पुलिस टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की मूवमेंट और संपर्कों की जानकारी समय-समय पर एकत्र की जाए। इसके साथ ही निगरानी सूची में शामिल अपराधियों की लोकेशन, सामाजिक गतिविधियों और उनके साथ जुड़े लोगों पर भी नजर रखी जा रही है।