कुरुक्षेत्र। जिले के तीन केंद्रों पर मिशन बुनियाद की परीक्षा का आयोजन कराया गया, जिसमें 1125 विद्यार्थियों में से 1031 विद्यार्थियों ने बुनियाद स्तर-दो की परीक्षा दी। ये परीक्षा राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुरुक्षेत्र, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लाडवा तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहाबाद मारकंडा में आयोजित की गई, जहां सुरक्षा सहित अन्य सुविधाओं को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
शैक्षणिक सत्र 2025-27 के लिए नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों के चयन हेतु खंड एवं जिला स्तर की परीक्षाएं आयोजित की जा चुकी हैं। अंतिम चयन हेतु बुनियाद स्तर-तीन की परीक्षा का आयोजन ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान किया किया जाएगा, जिसके उपरांत प्रदेश से करीब चार हजार विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी रोहतास वर्मा ने कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों को स्टेशनरी, वर्दी और परिवहन भत्ता प्रदान किया जा रहा है ताकि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। विभाग की इस महत्वाकांक्षी योजना से राजकीय विद्यालयों में पढ़ रहे आर्थिक रूप से कमजोर परंतु बौद्धिक रूप से श्रेष्ठ विद्यार्थियों को कक्षा नौवीं से ही आईआईटी, नीट, एनडीए तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी निशुल्क करवाई जाती है ताकि प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में पढ़ रहे ग्रामीण अंचल के प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. तरसेम कौशिक ने बताया कि तीनों केंद्रों पर परीक्षा सफलता पूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य विज्ञान शिक्षण को रुचिकर बनाने, विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं जैसे केवीपीवाई, नीट, आईआईटी इत्यादि की तैयारी करवाई जाती है।