कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जनसंचार एंव मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान (आईएमसीएमटी) में इस बार दाखिलों के लिए 1026 आवेदन आने के बावजूद पहली काउंसलिंग में कई सीटें खाली रह गईं। जिसके लिए आज से दूसरे दौर की काउंसलिंग शुरू होगी। जिसमें चयनित अभ्यर्थियों को दो दिन यानी 7 और 8 जुलाई के भीतर दस्तावेज सत्यापन के बाद फीस जमा करानी होगी।
इस साल संस्थान के चारों स्नातक पाठ्यक्रमों की कुल 240 सीटों के लिए 1026 आवेदन प्राप्त हुए हैं। मीडिया पाठ्यक्रमों की लोकप्रियता को देखते हुए इस बार सभी कोर्सों में 10-10 सीटें बढ़ाई गई हैं। पहले प्रत्येक पाठ्यक्रम में 50 सीटें थीं, जिन्हें बढ़ाकर 60 कर दिया गया। इसके बावजूद पहले चरण में अपेक्षित संख्या में दाखिले नहीं हो सके। पहली काउंसलिंग में बीए मास कम्युनिकेशन की 60 सीटों में से केवल 13 विद्यार्थियों ने फीस जमा कर दाखिला लिया। अब दूसरे चरण में शेष 47 सीटों पर प्रवेश होंगे।
वहीं बीएससी प्रिंटिंग एंड पैकेजिंग में 21, बीएससी ग्राफिक्स में 22 और मल्टीमीडिया पाठ्यक्रम में 12 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। सभी पाठ्यक्रमों की पहली मेरिट सूची में कटऑफ 90 प्रतिशत से अधिक रही। संस्थान के अधिकारियों का मानना है कि पहली काउंसलिंग में अधिकांश विद्यार्थी एक साथ तीन-चार संस्थानों और अलग-अलग पाठ्यक्रमों में आवेदन करते हैं। एक स्थान पर दाखिला लेने के बाद अन्य सीटें खाली रह जाती हैं। ऐसे में दूसरी और तीसरी काउंसलिंग में दाखिलों की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है।
तीसरी मेरिट सूची से पहले आवेदन अपडेट करना होगा
यदि दूसरी काउंसलिंग के बाद भी सीटें खाली रहती हैं तो तीसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसमें शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को 100 रुपये शुल्क देकर अपना आवेदन अपडेट करना होगा। जिन विद्यार्थियों का नाम पहली और दूसरी मेरिट सूची में नहीं आया है, वे भी आवेदन अपडेट कर तीसरी मेरिट सूची में शामिल हो सकेंगे।
10 सीटें बढ़ीं, दूसरी और तीसरी काउंसलिंग में भर जाएंगी सीट
आईएमसीएमटी के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि मीडिया पाठ्यक्रमों में बढ़ती रुचि को देखते हुए इस वर्ष प्रत्येक स्नातक पाठ्यक्रम में 10-10 सीटें बढ़ाई गई हैं। उन्होंने कहा कि पहली काउंसलिंग में विद्यार्थी एक साथ कई संस्थानों में अलग-अलग कोर्स में आवेदन करते हैं, इसलिए शुरुआत में सीटें खाली रह जाती हैं लेकिन दूसरी और तीसरी काउंसलिंग में सभी सीटें भर जाती हैं। पिछले शैक्षणिक सत्र में संस्थान की सभी सीटों पर दाखिले हुए थे।
कुरुक्षेत्र। केयू स्थित मास कम्युनिकेशन एंड मीडिया प्रौद्यौगिकी संस्थान । संवाद