गोलू पहलवान ने जीती 5100 को कुश्ती
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद।
गांव रावा में दंगल का आयोजन किया गया। इसमें अनेक पहलवानों ने कुश्ती खेल अपने जौहर दिखाए। दंगल की शुरुआत मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अनिल धंतौड़ी ने की। पूर्व विधायक ने कहा कि खेल कोई भी हो, लेकिन खिलाड़ियों को दंगल के मैदान में अभ्यास की साधना करनी चाहिए, तभी वह लक्ष्य को हासिल कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि आज शिक्षा के साथ खेलों में भी भविष्य बनाने के अवसर हैं। लेकिन, जिस फिल्ड को भी चुनें, उसमें अभ्यास, लग्न और संघर्ष जरूरी है। पूर्व विधायक ने कहा कि खिलाड़ी को द्वेष और नशे से दूर रहकर स्वयं को हर समय योग्य रखना चाहिए। 5100 की कुश्ती गोलू पहलवान रावा और गौरव पहलवान घरोंडा के बीच खेली गई। लंबी कुश्ती के बाद गोलू पहलवान ने जीत हासिल की। 11000 की कुश्ती कारज सिंह और मोनू पहलवान मरवाला के बीच हुई। 20 मिनट तक दोनों पहलवान आपस में भिड़ते रहे। अंत में दोनों पहलवान बराबर रहे। पूर्व विधायक ने पुरस्कार राशि विजेता पहलवानों को वितरित की। मंच का संचालन पहलवान अमरनाथ ने किया। इस अवसर पर रणधीर कश्यप, गुरदीप दीपा गौरीपुर, संदीप संभालखी, लखविंद्र लखा, विजय खरींडवा, मद्दी पहलवान कल्याणा, देवेंद्र शर्मा खेड़ा, बिहूबाना, मान सिंह, राहुल माथुर, पूर्व सरपंच धर्मपाल, मेहरनाथ, ऋषिपाल, अंकुश आदि मौजूद रहे।