प्रत्येक बालक होता है प्रतिभावान, जरूरत प्रतिभा को बाहर उभारने की : शीतल
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
प्रत्येक बालक प्रतिभावान होता है, बस आवश्यकता होती है उसके अंदर की छिपी प्रतिभा को निखारने की। यह बात अंबाला रेलवे डीएसपी शीतल सिंह ने व्यक्त किए। वे कैंपस इंटरनेशनल स्कूल के वार्षिकोत्सव को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक ही बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभाओं को निखार कर सामने ला सकता है।
डीएसपी ने संस्कारों पर बल देते हुए कहा कि बच्चों को संस्कारवान बनाना चाहिए और यह काम शिक्षकों से अधिक परिजन कर सकते हैं। कार्यक्रम में विशेष अतिथि स्टेट बैंक आफ इंडिया के चीफ मैनेजर कपिल अरोड़ा के अनुसार प्रत्येक बच्चे के अंदर प्रतिभा छिपी होती है, बस उस प्रतिभा को सही मंच मिलने की जरूरत होती है। कार्यक्रम में चंडीगढ़ से विशेष रूप से आईं वरिष्ठ अधिवक्ता सुषमा वर्मा स्याल ने कहा कि स्टेज पर आने से पहले बड़े बड़ों के पसीने छूटते हैं, लेकिन यहां बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दी हैं। सेल्स टैक्स विभाग में ईटीओ पुनीत शर्मा ने कहा कि बच्चा कच्ची मिट्टी के समान होता है। उसे हर दिन शिक्षक पकाता है। प्रमुख समाजसेविका रश्मि कटारिया, अर्चना कटारिया ने कहा कि बहुत ही कम समय में लिटिल कैंपस इंटरनेशनल स्कूल ने अपने स्कूल के बच्चों को इस काबिल बना दिया है कि वह स्टेज पर आने से न झिझकते हैं, न ही उनके मन में कोई डर है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिला लोकसंपर्क अधिकारी धर्मवीर सिंह, सहायक लोकसंपर्क अधिकारी नरेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार, विपिन शर्मा, मेवा राम, मीडिया जगत से पवन शर्मा, भारत साबरी, रामपाल शर्मा, राजेश भारद्वाज मौजूद रहे।
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। स्कूल के बच्चों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत गाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। बच्चों ने कार्यक्रम में कुल 13 प्रस्तुतियां दीं। जिसमें गणेश वंदना, सरस्वती वंदना, प्री नर्सरी व नर्सरी कक्षा के बच्चों का नृत्य, अब नहीं सहेंगे हम डांस, माई आइडियल पैरेंट, फैशन शो, कदम से कदम, पंजाबी व्याह, मस्ती की पाठशाला, बॉलीवुड, पंजाबी सॉन्ग आदि शामिल थे। कार्यक्रम में गायन, नृत्य, फैंसी ड्रेस समेत कई अन्य प्रस्तुतियों ने समारोह को आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम में एंकरिंग सोनल कुमारी और डेंटिस्ट डॉ. केशव ने की। कार्यक्रम में अभिभावकों के लिए क्विज कंपीटिशन, बिंदी लगाओ और अन्य गेम करवाए गए। लिटल कैंपस इंटरनेशनल स्कूल की संचालिका लता अरोड़ा ने बताया कि सारे साल की गतिविधियां देख कर बच्चों को पुरस्कृत किया। बेस्ट टीचर का अवार्ड सिमरन को दिया गया। टीचर्स डे पर आयोजित प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार विजय लक्ष्मी, कविता, अनु को दिया गया।