सांस्कृतिक महाकुंभ में पहुंचेंगे 4 हजार कलासाधक
गृहमंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज होंगी समारोह में शामिल
अखिल भारतीय कला साधक संगम कुरुक्षेत्र में आयोजित करेगा कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
हरियाणा स्वर्ण जयंती वर्ष पर यहां अखिल भारतीय कला साधक संगम 28 से 30 अक्तूबर तक राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक महाकुंभ आयोजन करेगा। इसमें करीब 4000 कलासाधक शामिल होंगे। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, सीएम मनोहर लाल सहित कई दिग्गज भी समारोह में शिरकत करेंगे। अखिल भारतीय कला साधक संगम ने आयोजन कमेटी का अध्यक्ष विधायक सुभाष सुधा को बनाया है।
सुधा ने पत्रकारों को बताया उपरोक्त समारोह के दौरान प्रत्येक प्रांत की सांस्कृतिक विरासत को देखने का अवसर मिलेगा। इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में प्रत्येक प्रांत से करीब 4 हजार कला साधक, नृत्य, वादन, लोक कला, हस्त कला सहित तमाम विधाओं के कलाकार पहुंचेंगे। कार्यक्रम का आयोजन संस्कार भारती की ओर से किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह व राज्यपाल प्रोफेसर कप्तान सिंह सोलंकी करेंगे, जबकि समापन समारोह में केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज व मुख्यमंत्री मनोहर लाल मुख्यातिथि के रूप में पहुंचेंगे। सुधा ने बताया कि संस्कार भारती के राष्ट्रीय संरक्षक बाबा योगेंद्र, प्रांतीय अध्यक्ष अजय शर्मा, मातृ शक्ति प्रमुख डॉ. रिचा गुप्ता, स्थानीय संयोजक नरेंद्र शर्मा, प्रांतीय कोष प्रमुख राकेश व सह महामंत्री अभिषेक गुप्ता सहित अन्य सदस्य पिछले दिनों राज्यपाल और मुख्यमंत्री से चंडीगढ़ में बातचीत की और कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम स्वरूप दिया। देश के प्रत्येक प्रांत से आने वाले चित्रकार श्रीमद्भगवद्गीता के 18 अध्यायों पर आधारित रंगोली और चित्र बनाने का काम करेंगे। यह रंगोली शहर की प्रमुख जगहों पर कलाकारों द्वारा बनाई जाएगी।
कमेटी का गठन, इन्हें किया गया शामिल
अखिल भारतीय कला साधक संगम के जिला संयोजक नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य पर कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर संस्कार भारती के राष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आदेशानुसार एक कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी का नेतृत्व थानेसर विधायक सुभाष सुधा करेंगे, जबकि इस कमेटी में संस्कार भारती के प्रांतीय अध्यक्ष अजय शर्मा, मातृ शक्ति की प्रांतीय प्रमुख डॉ. रिचा गुप्ता, नरेंद्र पाल शर्मा, प्रांतीय कोष प्रमुख राकेश, सह महामंत्री अभिषेक गुप्ता को सदस्य बनाया गया है।