कुरुक्षेत्र। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के केशव सदन में जिला स्तरीय विज्ञान निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 45 विद्यालयों के 110 विद्यार्थियों ने भाग लिया। जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. तरसेम कौशिक ने बताया कि हरियाणा राज्य विज्ञान नवाचार एवं प्रौद्योगिकी परिषद के तत्वावधान में हरियाणा के राजकीय विद्यालयों में कक्षा नौंवीं से 12वीं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए जिला स्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन प्रत्येक वर्ष किया जाता है।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच उत्पन्न करना, रचनात्मक वैज्ञानिक लेखन प्रतिभा की खोज करना, विज्ञान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सामाजिक प्रासंगिकता के संदर्भ में विद्यार्थियों के दृष्टिकोण को समझना, विज्ञान शिक्षा के लिए प्रभावी रणनीति विकसित करना तथा विद्यार्थियों को लेखन के माध्यम से विज्ञान के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराना है।
डॉ. कौशिक ने बताया कि जिला स्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता में 10 विद्यार्थियों का चयन किया गया है जो राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में कुरुक्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। डॉ तरसेम कौशिक ने बताया कि राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मथाना की छात्रा ख़ुशी, विजडम वर्ल्ड स्कूल कुरुक्षेत्र की छात्रा असमी कौशिक, सैनी पब्लिक स्कूल की छात्रा अदिति, श्री महावीर जैन पब्लिक स्कूल की छात्रा सोफिया, अल्पाइन पब्लिक स्कूल से प्रियांशु सैनी, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिहोवा से गुरप्रीत कौर, अग्रसेन पब्लिक स्कूल से स्तुति गर्ग, गीता कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थानेसर से सारिका सैनी, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थानेसर से उर्वशी तथा राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खैरी से निश्चल का चयन किया गया है।
निबंध लेखन प्रतियोगिता के लिए विभिन्न उप विषयों जैसे पुनः उपयोग करना, कम उपयोग करना, पुनर्चक्रण करना, पर्यावरण बचाने के उपाय, जैवविविधता क्यों उपयोगी है तथा इसे कैसे बचाया जा सकता है, व्यायाम तथा स्वास्थ्य के मायने इत्यादि को चयनित किया गया था ताकि सामाजिक परिवेश में ज्वलंत मुद्दों पर विद्यार्थियों के विचारों से अवगत हो सकें। जिला शिक्षा अधिकारी रोहतास वर्मा ने सभी चयनित विद्यार्थियों तथा उनके शिक्षकों को बधाई दी राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 10 हजार रुपये, द्वितीय को आठ हजार रूपए, तृतीय को छह हजार रुपये तथा सांत्वना पुरस्कार करने वाले 10 विद्यार्थियों को तीन-तीन हजार रुपये की राशि का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।