कुरुक्षेत्र। जिले में व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति और आवंटन के लिए उपायुक्त की अध्यक्षता में 10 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी के सदस्य सचिव जिला खाद्य व आपूर्ति नियंत्रक होंगे।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने जारी आदेशों में कहा कि प्रदेश सरकार के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के आदेशानुसार व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति को सुचारू रूप से बनाए रखना है। इसके अलावा रोजाना औसतन 20 प्रतिशत एलोकेशन राज्य सरकार की गठित कमेटी की ओर से की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय कमेटी के सदस्य व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर की आवश्यक सेवाओं जैसे अस्पताल, शिक्षण संस्थान आदि शामिल हैं, इनमें सुचारू रूप से सप्लाई और पर्याप्त मात्रा में सिलिंडर पर नजर रखेंगे। व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर का पर्याप्त मात्रा में स्टॉक और आपातकाल में आवंटन के लिए सही निर्णय का मूल्यांकन कमेटी के सदस्यों की ओर से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शादी, विवाह खासकर बेटियों की शादी के लिए एलपीजी सिलिंडर जरूरत के अनुसार उपलब्ध करवाए जाएंगे। ऑयल मार्केटिंग कंपनी के स्थानीय अधिकारियों से तालमेल बनाकर राज्य सरकार के लिए 20 प्रतिशत एलपीजी स्टॉक को आरक्षित रखेंगे। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र जिले में व्यावसायिक सिलिंडर की सप्लाई को सुचारू बनाए रखेंगे।
इस कमेटी के चैयरमैन उपायुक्त खुद होंगे। उनके अलावा एडीसी, जिला परिषद सीईओ, पुलिस अधीक्षक, सीएमओ, डीईओ, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के प्रतिनिधि, भारत पेट्रोलियम के प्रतिनिधि, हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सदस्य होंगे और डीएफएससी को सदस्य सचिव बनाया गया है।