इस्माईलाबाद। कनाडा भेजने के नाम पर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने शिकायतकर्ता का पासपोर्ट भी वापस नहीं दिया।
थाने में मनदीप सिंह निवासी नगला ने बताया कि उसके दोस्त ने उसकी पहचान गुरविंद्र सिंह, अनमोल कौर व नेहा राणा से कराई थी। आरोपियों 14 लाख रुपये में उसे कनाडा भेजने का आश्वासन दिया। उसने अपना पासपोर्ट व पांच लाख रुपये आरोपियों को दिए।
कुछ दिनों बाद अनमोल कौर ने उसकी कनाडा की पीपीआर भेज दी और विश्वास दिलाया कि उसका कनाडा का काम हो गया है। उसने अपने दोस्त के कहने पर पांच लाख रुपये और उनके खाते में डाल दिए। उसके बाद उसके दोस्त ने उसकी कनाडा की पीपीआर जांची तो वह फर्जी पाई गई। उसने आरोपियों से बातचीत की तो आरोपी टालमटोल करते रहे और उसके 10 लाख रुपये व पासपोर्ट वापस करने की बजाय धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। उधर, ठगी की घटनाएं बढ़ने से जिले लोगों में रोष पनप रहा है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस संबंध में ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।