कुरुक्षेत्र। रोडवेज बस अड्डा परिसर में चार्जिंग प्वाइंट एरिया में टाइल लगाते कर्मी। संवाद
कुरुक्षेत्र। 2 अक्तूबर से धर्मनगरी की सड़कों पर इलेक्ट्रिक बसें दौड़ती दिखाई देंगी। रोडवेज विभाग को 10 इलेक्ट्रिक बसें मिली हैं। वहीं 40 और बसों की मांग परिवहन आयुक्त को भेजी है। आने वाले समय में कुरुक्षेत्र डिपो में कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें होंगी। इनसे यात्रियों को सफर का नया अनुभव मिलेगा, वहीं विभाग को खर्च में भी बड़ी राहत होगी। इलेक्ट्रिक बसें आने से डीजल की खपत में कमी आएगी।
विभाग को औसतन किलोमीटर प्रति लीटर का झंझट भी नहीं रहेगा। अभी सामान्य बसों में औसत कम आने पर चालक व परिचालक से जुर्माना वसूला जाता है लेकिन इलेक्ट्रिक बसों में यह समस्या नहीं होगी। इससे कर्मचारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा और उनका मनोबल भी बढ़ेगा। नए बस अड्डे पर चार्जिंग प्वाइंट की सुविधा भी शुरू कर दी गई है। इससे बसों को चार्ज करने में किसी प्रकार की समस्या नहीं आएगी। रोडवेज महाप्रबंधक शेर सिंह का कहना है कि जल्द ही बसों को रूटों पर दौड़ाया जाएगा। बस स्टैंड परिसर में चार्जिंग प्वाइंट लगा दिया गया है।
चार्जिंग प्वाइंट पर एतराज
ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन के प्रधान नरेंद्र पांचाल ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसें आने से एक तरफ रोडवेज के बेड़े में बसों की संख्या बढ़ेगी और यात्रियों की यात्रा और अधिक सुगम होगी। लेकिन बस स्टैंड परिसर में गलत जगह पर चार्जिंग प्वाइंट लगाया गया है। ऐसे में रोडवेज चालक-परिचालक को परेशानी झेलनी पड़ेगी।
कुरुक्षेत्र। रोडवेज बस अड्डा परिसर में चार्जिंग प्वाइंट एरिया में टाइल लगाते कर्मी। संवाद